
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके ठिकाने को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरानी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज़ ने एक वीडियो जारी किया है। बिना तारीख वाले इस वीडियो में मोजतबा खामेनेई स्वस्थ नजर आ रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब इजरायली मीडिया की रिपोर्टों में उनकी हालत बेहद गंभीर होने और उन्हें अस्पताल ले जाए जाने का दावा किया गया था। मेहर न्यूज़ ने वीडियो जारी कर उनकी सेहत और ठिकाने को लेकर बढ़ रही अटकलों को खारिज की है। मेहर न्यूज़ का संचालन ईरानी सरकार के इस्लामिक डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा है।
शुक्रवार को इजरायली मीडिया की कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है। चैनल 14 ने ईरान के अंदर मौजूद सूत्रों के हवाले से यह दावा किया था। इससे पहले जेरूसलम पोस्ट ने भी IranWire और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के नेतृत्व के बीच मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है।
जेरूसलम पोस्ट के एक सूत्र ने यहां तक दावा किया था कि जल्द ही मोजतबा खामेनेई की मौत की खबर सामने आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इन दावों के बीच मेहर न्यूज़ का वीडियो सामने आना अहम माना जा रहा है, हालांकि वीडियो की तारीख सामने नहीं आई है।
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। पद संभालने के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और अब तक केवल लिखित बयानों के जरिए अपनी बात रखते रहे हैं।
इसी वजह से उनकी सेहत और नेतृत्व की स्थिति को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि शुरुआती हमलों में मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे और उनके चेहरे या शरीर पर गंभीर चोटें आई हो सकती हैं। इन दावों के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से सामने आने से बचना शुरू किया और कथित तौर पर छिपकर रह रहे हैं।
ईरान के सरकारी अधिकारियों ने इससे पहले मोजतबा खामेनेई को लगी शुरुआती चोटों की गंभीरता को कम करके बताया था। ईरानी अधिकारियों का कहना रहा है कि उनकी चोटें सतही थीं। वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने यह भी कहा है कि मोजतबा खामेनेई देश के लिए रणनीतिक फैसलों और संचालन से जुड़े निर्देश लगातार दे रहे हैं।
हालांकि, इन सरकारी दावों के बावजूद मोजतबा खामेनेई का लंबे समय से सार्वजनिक रूप से लाइव नजर नहीं आना उनकी सेहत और नेतृत्व की स्थिति को लेकर अटकलों को लगातार बढ़ाता रहा है। अब मेहर न्यूज की ओर से जारी बिना तारीख वाले वीडियो में उनका स्वस्थ नजर आना इन अटकलों के बीच ईरान की ओर से सामने आया एक महत्वपूर्ण जवाब है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए