दुनिया

नेपाल त्रासदीः 11 दिन बाद सुरंग से चीनी नागरिक को बचाया गया, एक दिन पहले मलबे में फंसी महिला जिंदा मिली थी

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमनद और चट्टानों के टूटने से अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जिसमें 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 4,900 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

नेपाल त्रासदीः 11 दिन बाद सुरंग से चीनी नागरिक को बचाया गया, एक दिन पहले मलबे में फंसी महिला जिंदा मिली थी
नेपाल त्रासदीः 11 दिन बाद सुरंग से चीनी नागरिक को बचाया गया, एक दिन पहले मलबे में फंसी महिला जिंदा मिली थी फोटोः PTI

नेपाल अचानक आई बाढ़ की घटना के 11 दिन के बाद शनिवार को रसुवा जिले में एक जल विद्युत परियोजना की सुरंग से एक चीनी नागरिक को बचाया गया। वहीं एक दिन पहले नुवाकोट जिले के बेत्रावती में, मलबे में दबे चार मंजिला घर की ऊपरी मंजिल में करीब दस दिन से फंसी 60 वर्षीय महिला को जिंदा बचाया गया था। 

नेपाल की सेना ने चीनी नागरिक को बचाए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि बचाए गए चीनी नागरिक की पहचान लुहाइताओ के तौर पर की गई है और वह बाढ़ से प्रभावित ऊपरी त्रिशूली-एक जलविद्युत परियोजना की ऑडिट सुरंग-चार में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के बाद फंस गया था।

नेपाल की सेना ने शनिवार को बचाव अभियान के बाद कहा, ‘‘सेना और विदेशी बचावकर्मियों की एक संयुक्त टीम ने ‘ऊपरी त्रिशूली-1 जल विद्युत परियोजना’ की एक सुरंग के अंदर से लुहाइताओ नाम के एक चीनी नागरिक को बाहर निकाला है। लुहाइताओ को सुरंग में लगभग 225 मीटर अंदर से बचाया गया। अभी उसके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है, जबकि खोज और बचाव अभियान जारी है।’’ नेपाल की सेना ने बताया कि लुहाइताओ को शनिवार स्थानीय समयानुसार अपराह्न डेढ़ बजे नुवाकोट जिले में उस जगह से बचाया गया।

वहीं, एक दिन पहले शुक्रवार को नेपाली सेना के बचाव दल ने नुवाकोट जिले के बेत्रावती में, मलबे में दबे चार मंजिला घर की ऊपरी मंजिल में करीब दस दिन से फंसी 60 वर्षीय महिला को जिंदा बचाया था। ‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार में शनिवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक बिदुर नगर पालिका-10 के एक घर से चंद्रिका श्रेष्ठ बेहोशी की हालत में मिली।

खबर के मुताबिक, सशस्त्र पुलिस बल की नौ-सदस्यीय टीम द्वारा बचाए जाने के बाद श्रेष्ठ को शुरुआती इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से त्रिशूली स्थित नेपाली सेना की मैथिली बैरक ले जाया गया। अखबार ने नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के हवाले से खबर दी कि जरूरत पड़ने पर श्रेष्ठ को इलाज के लिए काठमांडू ले जाया जा सकता है।

ताजा बचाव अभियान के साथ, त्रिशूली जलविद्युत परियोजना से जिंदा निकाले गए कर्मचारियों की कुल संख्या तीन हो गई है। शुक्रवार को त्रिशूली 3ए जलविद्युत परियोजना की एक सुरंग से नेपाल के दो कर्मचारियों को बचाया गया था। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को बचाए गए कर्मचारियों की पहचान 45 वर्षीय कबीर महर्जन और 30 वर्षीय संजय साह के रूप में की गई है।

नेपाल की सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार, महर्जन इस परियोजना पर मैकेनिकल पर्यवेक्षक के तौर पर काम कर रहे थे, जबकि साह ‘फोरमैन’ थे। नेपाल की सेना के नेतृत्व में सुरक्षा कमान विशेष उपकरणों का इस्तेमाल करके खोज और बचाव अभियान चला रहा है।

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमनद और चट्टानों के टूटने से अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जिसमें 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 4,900 लोग अब भी लापता हैं। वहीं अचानक आई बाढ़ के 11वें दिन भी बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में लगभग 12 जल विद्युत परियोजनाओं के कम से कम 900 कर्मचारी लापता हैं, जिनमें से लगभग 500 के सुरंगों के भीतर फंसे होने की आशंका है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • ग्रीनवॉशिंग यानी विकास से होने वाले नुकसान पर पर्दा डालना, लेकिन जद में आ रहे हैं इंसान और पर्यावरण

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: कश्मीर में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी लश्कर कमांडर को किया ढेर, स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • ,
  • 'विधानसभा चुनाव जीतने के लिए BJP की बड़ी साजिश, SIR को बनाया अपना हथियार', तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी का आरोप

  • ,
  • जंतर-मंतर प्रोटेस्टरों पर हमला करने वाला स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

  • ,
  • 'राजस्थान नगर निकाय चुनाव में हार की आशंका से बौखलाई BJP', एक नेता द्वारा मतदाताओं के धमकाने पर नेता प्रतिपक्ष जूली