
सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने, हवाई हमले के दौरान घर के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई, जबकि 11 भारतीयों समेत कई लोग घायल हुए।
घायल भारतीयों में से चार ICU में भर्ती हैं, चार का इलाज जारी है और तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी है।
सऊदी अरब में ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। यमन के हूती विद्रोहियों से जुड़े हमलों के मद्देनजर भारत सरकार ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी में सभी भारतीयों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
दूतावास ने स्पष्ट किया है कि हवाई हमले की स्थिति में लोग घरों के अंदर ही रहें और स्थानीय प्रशासन द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें। इसके अलावा, मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ी किसी भी खबर, वीडियो या अन्य सामग्री को सत्यापन के बिना सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।
10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई थी। इस घटना में 11 भारतीय नागरिकों समेत कई लोग घायल भी हुए थे। हादसे के बाद भारतीय दूतावास प्रभावित लोगों के इलाज और मृतक के परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार संपर्क में है।
मोहम्मद यूसुफ अली का अंतिम संस्कार 12 अक्टूबर को रियाद में किया गया। इस दौरान भारतीय राजदूत और दूतावास के अधिकारियों ने मौजूद रहकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, हमले में घायल भारतीयों में से चार की हालत इतनी गंभीर है कि वे अब भी गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती हैं। चार अन्य घायलों का इलाज जारी है, जबकि तीन लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
मंगलवार को इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने 17 अक्टूबर तक अपनी उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी।
प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए एयरलाइंस ने टिकट का पूरा रिफंड लेने या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प उपलब्ध कराया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की मौजूदा स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए