दुनिया

'होर्मुज स्‍ट्रेट अब है अमेरिका का क्षेत्र', डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान को अपने सैन्य नेतृत्व और बुनियादी ढांचे में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उनके मुताबिक, देश के पास अब प्रभावी नौसेना, वायु सेना, रडार क्षमता या मजबूत विनिर्माण ढांचा नहीं बचा है।

होर्मुज में नाकेबंदी कर ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया
होर्मुज में नाकेबंदी कर ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया  फोटो: सोशल मीडिया

साउथ कैरोलिना के मर्टल बीच में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान अमेर‍िकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फ‍िर होर्मुज स्‍ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र बताया। उन्‍होंने दोहराया क‍ि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 इस चुनावी रैली में वह होने वाले रनऑफ चुनाव से पहले रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवार डार्लीन ग्राहम के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। ईरान के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "वे किसी समझौते के लिए बहुत बेताब हैं।"

उन्होंने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्‍ट्रेट का जिक्र करते हुए कहा क‍ि यह अमेरिका का क्षेत्र है। हालांकि, ट्रंप ने इस दावे के कानूनी या क्षेत्रीय आधार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ टकराव की वजह से उनके घरेलू आर्थिक कार्यक्रमों पर असर पड़ा है।

उन्होंने कहा, "मुझे यह करना अच्छा नहीं लगता, लेकिन हमें थोड़ा रास्ता बदलकर ईरान की इस्लामी गणराज्य की ओर ध्यान देना पड़ा, क्योंकि परमाणु हथियारों का मुद्दा था। वे परमाणु हथियार हासिल करने वाले थे और हम उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दे सकते थे।"

उन्होंने दोहराया क‍ि हम ईरान को परमाणु हथियार रखने की इजाजत नहीं दे सकते। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई ने इस खतरे को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा क‍ि इसलिए हम गए और हमने उन्हें रोक दिया। अब उनके पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा।

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान को अपने सैन्य नेतृत्व और बुनियादी ढांचे में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उनके मुताबिक, देश के पास अब प्रभावी नौसेना, वायु सेना, रडार क्षमता या मजबूत विनिर्माण ढांचा नहीं बचा है।

उन्होंने कहा क‍ि उनके शीर्ष नेता जा चुके हैं। उनके दूसरे स्तर के नेता भी जा चुके हैं। और तीसरे स्तर के नेतृत्व के कुछ हिस्से भी खत्म हो चुके हैं। ट्रंप का कहना था कि नुकसान का स्तर इतना बड़ा है कि अब किसी संभावित बातचीत को आगे बढ़ाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा क‍ि असल में यह मेरी सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आखिर बात किससे करूं।

बाद में राष्ट्रपति ने "द स्नेक" गाना सुनाते हुए फिर से इसी विषय पर बात की। वे अपनी आव्रजन नीतियों (इमिग्रेशन पॉलिसी) के प्रचार के लिए रैलियों में अक्सर इस गाने का इस्तेमाल करते रहे हैं।

ट्रंप ने ईरान के मुद्दे को ऊर्जा कीमतों से भी जोड़ा और कहा कि टकराव खत्म होने के बाद तेल और पेट्रोल की कीमतें गिर जाएंगी। उन्होंने कहा क‍ि जैसे ही हमारा ईरान के इस्लामी गणराज्य के साथ मामला खत्म होगा, तेल की कीमतें पहले से भी कम हो जाएंगी।"

यह रैली मुख्य रूप से रिपब्लिकन मतदाताओं को डार्लीन ग्राहम के समर्थन में एकजुट करने के लिए आयोजित की गई थी। ट्रंप ने अपने समर्थकों से बार-बार कहा कि इस चुनाव को ऐसे लें जैसे बैलेट पेपर पर उनका अपना नाम हो।

ट्रंप के समर्थन वाली उम्मीदवार डार्लीन ग्राहम ने भी समर्थकों से कहा कि वह राष्ट्रपति के साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा क‍ि मैं राष्ट्रपति ट्रंप का 100 प्रतिशत साथ दूंगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए