
ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच मध्यस्थ अब भी जंग खत्म कराने और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुलवाने के लिए काम कर रहे हैं। तीन अधिकारियों ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता सोमवार को फिर शुरू होने की उम्मीद है।
यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब युद्ध को आठ महीने पूरे हो चुके हैं और इसके कारण व्यापक आर्थिक नुकसान हो चुका है। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक होर्मुज जलडमरुमध्य में सुरक्षित आवागमन की अनुमति देने के लिए किए गए कई प्रयास विफल रहे हैं।
हालांकि, संयुक्त राष्ट्र महासभा के सम्मेलन के सिलसिले में अमेरिका पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची न्यूयॉर्क में ही रुके रहे। उन्होंने कहा कि वह मध्यस्थों से सूचना मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कतर दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर रहा है।
एपी से सोमवार को बातचीत करने वाले दो अधिकारियों ने पुष्टि की कि मध्यस्थ दोनों पक्षों के साथ ऐसे प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं, जिसमें जलडमरूमध्य को खोलना, अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करना और इसके बाद प्रतिबंधों को हटाना शामिल होगा।
नेपाल की हिमलुंग हिमाल चोटी पर हिमस्खलन स्थल से सोमवार को दो और शव बरामद किए गए जिससे बरामद शवों की संख्या चार हो गई है, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेपाल के मनांग जिले के नार फू क्षेत्र में रविवार को 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के आधार शिविर में हिमस्खलन हुआ। इसमें वह तंबू बर्फ में दब गया, जिसमें पर्वतारोही और सहायक कर्मचारी शरण लिए हुए थे। इसके बाद कई कर्मचारी और गाइड लापता हो गए।
नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन (एनएनएमजीए) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि सोमवार को बरामद किए गए शवों की पहचान बीरेंद्र गुरुङ और घन श्याम राई के रूप में हुई है।
एनएनएमजीए ने बताया कि छेबी भोटे और पासांग भोटे के शव रविवार को बरामद किए गए थे। संगठन ने कहा कि उसकी खोज और बचाव टीम हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र में अभियान जारी रखे हुए है।
‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार ने बताया कि एनएनएमजीए के अध्यक्ष तुल सिंह गुरुङ ने कहा कि यदि मौसम और पर्वतीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो टीम ने सोमवार को तलाश अभियान जारी रखने की योजना बनाई थी।
अखबार ने गुरुङ के हवाले से कहा, ‘‘चार शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गई है। 12 लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।’’
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अपने देश के लड़ाकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने "दुश्मन बलों" को होर्मुज जलडमरूमध्य में "स्वतंत्र रूप से घूमने" से रोक दिया है।
सरकारी प्रसारक पर सोमवार को प्रसारित एक संदेश में खामेनेई ने कहा कि ईरान के दुश्मन अब होर्मुज जलडमरूमध्य के ‘‘करीब नहीं आते’’, बल्कि अरब सागर तक ही सीमित हैं, जो हिंद महासागर का हिस्सा है।
लेबनान में आतंकवादी समूह हिज्बुल्ला के लंबे समय तक नेता रहे हसन नसरल्लाह के मारे जाने के दो साल पूरे होने के मौके पर जारी संदेश में कहा गया, "जल्द ही अरब सागर भी उनसे मुक्त हो जाएगा।"
यूक्रेन में रूस की आक्रामकता लगातार जारी है। रविवार रातभर रूस के घातक हमलों ने यूक्रेन के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि इन हमलों में कीव इलाके में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, ओडेसा इलाके में पलाऊ का झंडा लगे एक जहाज पर भी हमला किया गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले के बाद हुए नुकसान की तस्वीरें पोस्ट कर जानकारी साझा की।
जेलेंस्की ने पोस्ट में लिखा, ''रूस पूरी रात से लेकर सोमवार सुबह तक हमारे अलग-अलग इलाकों पर हमले करता रहा है। खार्कीव में एक ऊंची रिहायशी इमारत पर भीषण हमला हुआ, जिसमें दूसरी और चौथी मंजिलों के कुछ हिस्से तबाह हो गए।''
उन्होंने बताया कि कीव में भी ड्रोन हमलों से नुकसान हुआ है। रिहायशी इमारतों, संचार से जुड़े बुनियादी ढांचे और पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंचा है। एक आम कैफे को तबाह कर दिया गया और राजधानी में एक फूड मार्केट में आग लगाने की कोशिश की गई।
जेलेंस्की ने बताया कि ओडेसा क्षेत्र में पलाऊ का झंडा लगे एक जहाज को निशाना बनाया गया। जाइटॉमिर क्षेत्र में एक सामान्य आइसक्रीम फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा। सुमी, रिव्ने, खार्किव और ओडेसा इलाकों में रिहायशी इमारतों पर हमले हुए। विनित्सिया, निप्रो, खमेलनित्स्की और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। जहां भी जरूरत है, वहां इमरजेंसी सेवाएं काम कर रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए