
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने गुरुवार को कहा कि एएन-32 के दुर्घटनास्थल के पास 6 शव और 7 लोगों के अवशेष मिले हैं। बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में 3 जून को यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
एक अधिकारी ने कहा, “इससे पहले 11 जून को विमान का मलबा एक दूरदराज इलाके में दिखा था, तभी से घटनास्थल पर पहुंचने और शवों को बरामद करने की कोशिश की जा रही थी।” विमान में वायुसेना के 13 कर्मी सवार थे और विमान असम से अरुणाचल प्रदेश जा रहा था।
गौरतलब है कि अभी हाल ही में लापता एएन-32 विमान में सवार लोगों के बारे में जानकारी आई थी। भारतीय वायुसेना ने बताया था कि हादसे में कोई भी जिंदा नहीं बचा है और इस संबंध में परिवारवालों को जानकारी दे दी गई है। बता दें कि विमान में 8 क्रू मेंबर समेत 13 लोग सवार थे।
एनएन-32 विमान की खोज के लिए सुखोई, एमआई-17, पी-8 आई को खोजने के लिए लगाया गया था। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश पुलिस, आईटीबीपी और स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई थी। यहां तक कि लापता विमान की जानकारी देने वालों को पांच लाख रुपये इनाम की घोषणा भी की गई थी।
बता दें कि 3 जून को असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने के करीब एक घंटे के बाद ही विमान का संपर्क एटीसी से टूट गया। विमान जोरहाट से अरुणाचल प्रदेश के मेनचुका की उड़ान पर था।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए