
राजस्थान में शिक्षक पात्रता परीक्षा (आरईईटी) परीक्षा देने सीकर जा रहे छह उम्मीदवारों की शनिवार को जयपुर के पास भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सीएम अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक प्रकट करते हुए सभी मृतकों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
सभी मृतक बारां जिले के रहने वाले थे और आरईईटी परीक्षा देने के लिए सीकर में परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। यह भीषण हादसा जयपुर जिले के चाकसू के पास एनएच-12 पर एक ट्रक से टक्कर के कारण हुआ। हादसे में घायलों की हालत गंभीर है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दो को चाकसू स्थित सैटेलाइट अस्पताल, अन्य दो को महात्मा गांधी अस्पताल और एक को जयपुर के अस्पताल में रेफर किया गया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सभी मृतक पीड़ितों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने आरईईटी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सतर्क रहें और तेज गति और लापरवाह ड्राइविंग से बचें। गहलोत ने आरईईटी उम्मीदवारों से कहा कि सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का प्रयास करें। कोई भी परीक्षा आपके जीवन से बड़ी नहीं है।
बता दें कि राजस्थान में आरईईटी परीक्षा 26 सितंबर को आयोजित किया जाना है, जिसमें करीब 16.5 लाख छात्र शामिल होंगे। इसे राज्य में एक प्रमुख परीक्षा माना जाता है और इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जा रहे हैं। और साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के आदेश दिए गए हैं। राज्य सरकार ने आरईईटी उम्मीदवारों के लिए मुफ्त परिवहन सेवा की व्यवस्था की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 25 Sep 2021, 4:56 PM IST