हालात

'आप' ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को बनाया उम्मीदवार, गोगी के निधन के बाद हुई थी खाली

टिकट मिलने के बाद संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी के हलका लुधियाना पश्चिम से विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी का जनवरी में देहांत हो गया था। विधायक गोगी एक बेबाक अंदाज में जीने वाले व्यक्ति थे।  

टिकट मिलने के बाद संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया। अपने गृहनगर से गहराई से जुड़े होने के नाते मैं अपने लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की आशा करता हूं।

लुधियाना के बड़े व्यवसायी संजीव अरोड़ा को आप की तरफ से मार्च 2022 में राज्यसभा का टिकट मिला था। संजीव अरोड़ा का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। उनका परिवार लुधियाना का रहने वाला है। उनका एक घर गुरुग्राम में भी है। अरोड़ा रियल स्टेट के कारोबारी हैं, इसके अलावा गुरुग्राम में गारमेंट्स का बड़ा कारोबार है। लुधियाना से संजीव अरोड़ा तीसरे राज्यसभा सदस्य बने थे। इससे पहले भाजपा से सतपाल मित्तल और लाला लाजपत राय राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब आप ने अरोड़ा को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए