हालात

अंकित बालियान हत्याकांड में एक्शन, शामली में पुलिस ने दो आरोपी को किया ढेर, दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल

पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उस पर मौजूद दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी पर गोली लगी। इसके बाद वायरलेस के जरिए सभी टीमों को संदिग्ध बाइक के बारे में दी गई। बाइक सवार कैराना की ओर भाग निकले।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित बताए जा रहे दो संदिग्धों को मार गिराया। मृतकों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में बताई जा रही है। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। कार्रवाई शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई।

घटना से पहले शामली के डीएम आलोक यादव और एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मृतक अंकित बालियान के पिता सतवीर सिंह और अन्य परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

बताया जा रहा है कि इससे पहले परिवार ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और पुलिस को चार दिन का समय दिया था।

सुबह चार बजे नजर आई संदिग्ध बाइक

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी थाना प्रभारियों, ASP और दोनों CO स्तर के अधिकारियों को जांच में लगाया गया था। पुलिस ने रात से सुबह छह बजे तक जिले में विशेष नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई थी।

एसपी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे हिजाना थाने के SHO वीरेंद्र कसाना स्टेशन के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उस पर मौजूद दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी पर गोली लगी। इसके बाद वायरलेस के जरिए सभी टीमों को संदिग्ध बाइक के बारे में सूचना दी गई। बाइक सवार कैराना की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम पर फिर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध जब मन्ना मादरा पुल के नीचे पहुंचे तो वहां कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम की टीम चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस वाहन का विंडशील्ड टूट गया।

वायरलेस पर पहले ही अलर्ट जारी होने के कारण SWAT टीम, सर्विलांस टीम, SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों ने शहर की ओर जाने के बजाय अचानक वाहन को औद्योगिक क्षेत्र की तरफ मोड़ दिया।

इसके बाद पुलिस और संदिग्धों के बीच लंबी मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों संदिग्धों को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

हरियाणा तक पहुंची जांच

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब हरियाणा तक पहुंच चुकी है। पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल में भी जांच कर रही हैं। शुरुआती पड़ताल में पुलिस को आशंका है कि हत्या में शामिल शूटर्स का संबंध इन जिलों से हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के लिए चार हमलावर पहुंचे थे। बताया गया कि चारों ने मिलकर गायक पर गोलियां चलाई थीं। सीसीटीवी फुटेज में इनमें से दो हमलावर पीले रंग का गमछा पहने दिखाई दिए थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हरियाणा की ओर फरार हुए थे। इसी वजह से जांच में हरियाणा कनेक्शन को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी के भागते समय फोन पर किसी से बातचीत करने की जानकारी भी मिली थी।

अब एनकाउंटर में दो संदिग्धों के मारे जाने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस हत्याकांड में उनके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे और वारदात के पीछे की पूरी साजिश क्या थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए