
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान की राशि को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।
अखिलेश ने रविवार को सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो गीत साझा करते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए और लोगों से कथित तौर पर मंदिर के नाम पर लिए जाने वाले पैसे को स्वीकार नहीं करने की अपील की। वीडियो गीत में राम मंदिर, धर्म-दान पात्र और बीजेपी को लेकर कई तीखे सवाल उठाए गए हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने वीडियो के साथ लिखा है कि “राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, बीजेपी के पाप का पैसा नहीं चाहिए।”
वीडियो गीत के माध्यम से उन्होंने बीजेपी पर मंदिर की आस्था और चढ़ावे से जुड़े धन को लेकर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव ने अपने वीडियो संदेश में लोगों से कहा है कि अगर बीजेपी की ओर से कोई पैसे का लालच दिखाए तो उससे सवाल किया जाए कि मंदिर का पैसा क्यों चुराया गया और मंदिर की प्रतिष्ठा क्यों गिराई गई।
अखिलेश यादव द्वारा साझा किए गए वीडियो गीत का पूरा कंटेंट इस प्रकार है- राम जी से घात का पैसा धर्म-दान पात्र का पैसा बीजेपी के पाप का पैसा नहीं चाहिए। नहीं चाहिए ऐसा पैसा। ऐसा पैसा नहीं फलेगा, ज़्यादा दिन नहीं चलेगा। जब बीजेपी से कोई आए पैसे का लालच दिखलाए तो बैठाकर पूछो- क्यों चुराया मंदिर का मान?
राम मंदिर के चढ़ावे और दान की राशि को लेकर समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच पहले भी राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। अखिलेश यादव लगातार बीजेपी पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, बीजेपी और मंदिर से जुड़े पक्ष इन आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए