हालात

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची

याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अनारक्षित श्रेणी में सभी वर्ग के छात्रों को समान रूप से मेरिट के आधार पर चयनित होने का अवसर मिलना चाहिए। आरक्षित वर्ग के जिन लोगों के अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक हैं, उन्हें ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची फोटोः IANS

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को बड़ा झटका देते हुए सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया है। अदालत ने आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार कर संशोधित परिणाम जारी करने और उसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार और तीन अन्य अभ्यर्थियों की ओर से दाखिल याचिका स्वीकार करते हुए 27 नवंबर को यह आदेश सुनाया। याचियों ने आरोप लगाया था कि प्रारंभिक परीक्षा में उनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। आयोग ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी (एमआरसी) के तहत उन्हें अनारक्षित श्रेणी में स्थानांतरित करने का लाभ नहीं दिया।

याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अनारक्षित श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को समान रूप से अपनी मेरिट के आधार पर चयनित होने का अवसर मिलना चाहिए। ऐसे में आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक हैं, उन्हें उनकी मेरिट के आधार पर ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए।

अदालत ने इस तर्क को स्वीकार करते हुए निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पहले विशुद्ध मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी की सूची तैयार की जाए और इसके बाद आरक्षित वर्गों की अलग-अलग सूचियां बनाई जाएं। कोर्ट ने विज्ञापन की शर्त संख्या 19 को भी रद्द कर दिया है। अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं कराई जाएगी। पहले आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों को मिले अंकों के आधार पर ही नए सिरे से परिणाम तैयार किया जाएगा। इसमें पात्र आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के अनुसार अनारक्षित श्रेणी में स्थान दिया जाएगा।

दरअसल, यूपीपीएससी ने पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम एक दिसंबर 2025 को घोषित किया था। इसके बाद आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने परिणाम में एमआरसी के प्रावधानों का लाभ नहीं दिए जाने को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था। उनका कहना था कि अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिला।

इस मामले में हाईकोर्ट ने 28 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसी दिन पीसीएस-2025 के साक्षात्कार भी शुरू हुए थे। हालांकि, अदालत ने आयोग को साक्षात्कार की प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति देते हुए अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब अंतिम आदेश के बाद आयोग को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से तैयार करना होगा। संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा और आगे की चयन प्रक्रिया को लेकर भी नए सिरे से निर्णय लिया जाएगा। अदालत के इस फैसले को भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण और मेरिट के निर्धारण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: संसद सत्र से पहले गरमाई सियासत, जयराम रमेश का सरकार पर हमला, सांसदों को अब तक नहीं मिली विधेयकों की कॉपी

  • ,
  • परिसीमन पर विपक्ष का हमला, कांग्रेस ने की सीटें न बढ़ाने की मांग, मौजूदा स्थिति पर महिलाओं को मिले आरक्षण

  • ,
  • हिटमैन की घर वापसी! IPL 2027 में मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे रोहित शर्मा, फ्रेंचाइजी ने की आधिकारिक घोषणा

  • ,
  • संसद सत्र को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, गोगोई बोले- परिसीमन के जरिये संविधान बदलने की कोशिश में सरकार

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: हफ्ते के आखिरी सत्र में फिसला बाजार, सेंसेक्स 989 अंक लुढ़का, निफ्टी में 1%से ज्यादा की गिरावट