
नागपुर से हैदराबाद जा रही एक एयर एंबुलेंस की मुंबई के एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई है। अधिकारियों ने गुरुवार देर रात बताया कि इस एयर एंबुलेंस में पांच लोग सवार थे। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार, नॉन-शेड्यूल्ड विमान वीटी-जेआईएल एक मरीज, 2 चालक दल के सदस्यों, एक डॉक्टर और एक पैरामेडिक स्टाफ को लेकर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेस ने जैसे ही नागपुर से टेकऑफ किया तो उसका एक पहिया खुलकर गिर गया, जिसके कारण पालट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी घोषित कर दी, जिसके बाद आननफानन में विमान को मुंबई एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
इसके बाद एयर एंबुलेंस की रात नौ बजकर नौ मिनट पर मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान जेट सर्व द्वारा संचालित एक टर्बोप्रॉप है, जिसे कैप्टन केशरी सिंह द्वारा सुरक्षित रूप से नीचे उतार लिया गया। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए रन वे पर फोम बिछा दी गई थी। साथ ही फायर ब्रिगेड, सीआईएसएफ और मेडिकल टीम मौके पर तैनात थी। लेकिन लैंडिंग के दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए