
महाराष्ट्र पुलिस बलात्कारी कैप्टन बाबा अशोक खरात की तरह एक और ढोंगी बाबा को तलाश रही है। यह मुंबई से सटे वसई में रहने वाला स्वयंभू धर्मगुरू हृषिकेश वैद्य है जिसके खिलाफ बुधवार को पुणे की एक महिला ने बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने वैद्य के खिलाफ जादू टोना विरोधी कानून के तहत भी मामला दर्ज किया है। इसके बाद से वह फरार है।
खुद को चमत्कारी बाबा बताने वाले खरात और वैद्य में काफी समानता है। ये दोनों महिलाओं की धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करते हैं और महिलाओं को अपने झांसे में लेने के लिए खुद को अवतार बताते हैं। खरात मैं कृष्ण तू राधा कहकर महिलाओं को मोहित करके नशीला पदार्थ पिलाकर उसका लैंगिक शोषण करता था तो वैद्य भी मैं महादेव तू पार्वती कहकर अपने जाल में फंसाकर महिलाओं का लैंगिक शोषण करता था।
Published: undefined
खरात की तरह वैद्य ने भी राजनीतिक नेताओं से अपने करीबी संबंध बनाए हैं ताकि कोई पीड़ित उसके खिलाफ आवाज न उठाए। वैद्य के बारे में बताया जा रहा है कि वह वसई में आमची वसई नामक संस्था से जुड़ा हुआ है। इधर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के शोषण के हरेक मामले में पूरी सख्ती से कार्रवाई होगी। पीड़िता महिला को पूरी सुरक्षा देकर मामले की जांच होगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
खरात के राज्य और केंद्र के कुछ नेताओं के साथ फोटो वायरल होने के बावजूद एक महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरु हुई तो वैद्य की शिकार हुई पुणे की महिला ने भी हिम्मत जुटाई और अपने पति को शोषण की वस्तुस्थिति बताकर वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में वैद्य के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया। दर्ज मामले के मुताबिक पीड़ित महिला 2023 में फेसबुक के माध्यम से वैद्य के झांसे में फंसी। वैद्य वसई से पुणे आया और पुणे के एक लॉज में पीड़ित महिला का लैंगिक शोषण किया। वैद्य ने उसके वीडियो भी बनाए जिसके जरिए वह पीड़िता महिला को डराता धमकाता रहा। 2025 में भी वैद्य ने पीड़िता महिला को वसई बुलाया और वहां एक होटल में उसके साथ फिर दुष्कर्म किया। वैद्य महिलाओं को फेसबुक के माध्यम से अपने जाल में फंसाता है। वैद्य ने फेसबुक पर ही अपने को बेगुनाह बताते हुए पोस्ट में मराठी में लिखा है-मुझ पर झूठा मामला दाखिल किया गया है। जल्द ही सत्य बाहर आएगा। सत्यमेव जयते।
Published: undefined
माणिकपुर पुलिस के मुताबिक पीड़िता महिला के साथ बलात्कार की पहली घटना पुणे में हुई है। इसलिए मामले की आगे की जांच के लिए पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन को केस सौंप दिया गया है। पुलिस अब वैद्य को तलाश रही है। लेकिन वैद्य पुलिस के हाथ आने से बचने के लिए फरार है। विपक्ष ने भी वैद्य के मामले को खरात की तरह ही गंभीर बताया है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीडिता महिला को न्याय दिलाने की मांग की है।
खरात और वैद्य के कारनामे उजागर होने के बाद अंधश्रद्धा निर्मूलन संस्था ने राज्य में जादू टोना और धार्मिक अंधश्रद्धा में फंसाकर महिलाओं के लैंगिक शोषण के बढ़ते मामले पर गहरी चिंता जताई है। समिति के मुताबिक लातुर जिले में भी ढोंगी बाबाओं की 50 से अधिक संख्या सामने आई है। समिति ने ढोंगी बाबाओं की सूची जिला प्रशासन को सौंपी है। इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार प्रत्येक पुलिस स्टेशन में अंधश्रद्धा निर्मूलन कक्ष स्थापित कर लोगों को जागरूक करने की भी अपील की है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined