
आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में जमानत मिलने पर पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने खुशी जताई और न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें अल्लाह पर भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा और जुल्म ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकता।
तजीन फातिमा ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, इमरानुल्लाह और रामपुर के वकीलों को कानूनी लड़ाई में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस बारे में कोई विचार नहीं है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में जमानत मिलने के बाद उनकी पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने राहत और खुशी जाहिर की है। उन्होंने न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से भरोसा था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। तजीन फातिमा ने कहा कि अन्याय और जुल्म ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकते और आखिरकार अदालत ने उन्हें न्याय दिया है।
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल दौर में उन्हें अल्लाह पर पूरा विश्वास था। उन्होंने इस मामले में उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उनके मुताबिक, अदालत ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया को गलत और दुर्भावनापूर्ण माना है।
तजीन फातिमा ने कहा कि जुल्म कभी लंबे समय तक कायम नहीं रह सकता। जो लोग जुल्म करते हैं, उन्हें भी समझना चाहिए कि एक ऐसी ताकत है, जो किसी को लगातार अन्याय करने की इजाजत नहीं देती। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष का नाम लेने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर ही सरकारी तंत्र काम करता है।
आजम खान की कानूनी लड़ाई में साथ देने वाले वकीलों का भी उन्होंने आभार जताया। तजीन फातिमा ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, इमरानुल्लाह और रामपुर के उन सभी वकीलों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस मामले में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि इन वकीलों ने न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
तजीन फातिमा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने इस मामले में अपनी भावनाएं स्पष्ट की हैं और उनकी बातों को वह सही मानती हैं। उन्होंने अदालत के फैसले के लिए उनका आभार भी जताया।
आगामी चुनाव में खुद के मैदान में उतरने की संभावनाओं पर तजीन फातिमा ने साफ कहा कि फिलहाल उन्होंने ऐसा कोई विचार नहीं किया है। उन्होंने बताया कि परिवार की परेशानियों और आजम खान के मुकदमों में वह इतनी उलझी हुई थीं कि चुनाव लड़ने के बारे में सोचने का समय ही नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि उस समय उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता आजम खान को जेल और कानूनी परेशानियों से बाहर निकालना थी। फिलहाल चुनाव लड़ने को लेकर न तो उन्होंने कोई फैसला किया है और न ही इस दिशा में कोई विचार चल रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए