
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हो गया। मतदान के लिए सुरक्षा की चाक-चैबंद व्यवस्था की गई थी। शाम पांच बजे तक के मिले आंकड़ों के मुताबिक करीब 51.80 प्रतिशत मतदाताओं अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दूसरे चरण में राज्य के 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले गए। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रथम चरण में 2.85 करोड़ मतदाताओं के लिए 41,362 मतदान केंद्र बनाए गए थे। दूसरे चरण में 1,463 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है, इनमें से 1316 पुरूष, 146 महिला और एक थर्ड जेंडर शामिल है।
इस चरण के चुनाव में महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 प्रत्याशी हैं जबकि दरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, छह बजे तक के आंकड़े अब तक नहीं आए हैं। हालांकि पांच बजे तक 51.80 प्रतिशत मतादाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
राज्य निर्वाचन आयेाग के अनुसार, सुबह मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या कम थी, बाद में दिन चढ़ने के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी। प्रारंभ में कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली थी, जिसे बाद में तुरंत दुरूस्त कर दिया गया।
इस चरण के चुनाव में मतदाताओं ने राजद के नेता तेजस्वी यादव, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र और तेजस्वी के भाई तेजप्रताप यादव, पटना साहिब के सांसद रहे और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा के राजनीतिक भविष्य दांव पर लगे हुए हैं।
इसके अलावा इस चरण में मतदाताओं ने प्लुरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी के सियासी भविष्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है। इस चरण में पटना साहिब से पथ निर्माण मंत्री नंदकिशेर यादव, मधुबनी से सहकारिता मंत्री रंधीर सिंह, नालंदा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का भी राजनीतिक भविष्य दांव पर है।
इस चरण में आरजेडी के 56 तो जदयू के 43 उम्मीदवारों के अलावा बीजेपी के 46, कांग्रेस के 24, सीपीआई के चार, सीपीएम के चार, लोकजनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के 52 और रालोसपा के 36 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
बिहार के चुनावी दंगल में राजग से सीधी टक्कर विपक्षी दल के महागठबंधन से मानी जा रही है। बीजेपी के नेतृत्व वाले राजग में जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं, जबकि केंद्र में राजग की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) यहां अलग होकर चुनाव मैदान में है। महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं।
बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव होना है। इसके तहत प्रथम चरण के लिए 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर मतदान हो चुका है। तीसरे चरण के लिए सात नवंबर को 78 सीटों के लिए मतदान होगा। वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी।
बिहार में दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। 17 जिलों की 94 सीटों पर दोपहर एक बज तक 32 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है।
पटना के फतुहा विधानसभा के सोनारू स्थित बूथ संख्या 214 A पर वोड डालने के बाद लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मार पीट की गई है। मारपीट में तीनों लोग घायल हो गए। पीड़ितों ने खास दल के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि समर्थकों ने वोट डालने के लिए दबाव बनाया, जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया तो उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने फतुहा थाने शिकायत दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “बिहार में जिस प्रकार से हवा चल रही है निश्चित रूप से महागठबंधन की सरकार बनेगी। एक तरफ महागठबंधन है, जिसका नेतृत्व तेजस्वी यादव जी कर रहे हैं और दूसरी तरफ ठगबंधन है जिसमें नीतीश कुमार जी और चिराग पासवान हैं।”
कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बदलाव की लहर है। मुझे विश्वास है कि परिणाम बिहार में लव सिन्हा और विकास के पक्ष में होंगे। गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा पटना के बांकीपुर से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय जो परसा से जेडीयू के उम्मीदवार हैं, उन्होंने छपरा में वोट डाला। वोट डाले के बाद उन्होंने आरजेडी के चुनावी वादे पर कहा, "खोखले वादे निरर्थक हैं। अगर 10 लाख सरकारी नौकरी देना इतना आसान होता तो हर कोई ऐसे वादे करता, लेकिन यह आसान नहीं है।"
बिहार में दूसरे चरण का मतदान जारी है। इस बीच पटना में तेजस्वी यादव मां राबड़ी देवी के साथ मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए बदलाव जरूरी है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "पहले मतदान, फिर जलपान" बिहार की जनता आज अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए दूसरे चरण का मतदान करने वाली है। सभी मतदाताओं से अपील है कि कोरोना नियमों का पालन करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी जन-भागीदारी सुनिश्चित कर अपना योगदान अवश्य दें।”
भागलपुर विधानसभा के बरहपुर में बूथ नंबर 42 पर ईवीएम मशीन खराब हो गया था, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। 1 घंटे के की देरी के बाद यहां पर मतदान शुरू हुआ है।
पटना में मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पटना में एक बूथ पर एक युवती अपनी दादी को साइकल पर लेकर वोट करने के लिए पहुंची। युवती ने कहा कि मैं पहली बार मतदान कर रही हूं वो वोट डालने के लिए अपनी दादा को भी साथ लाई हूं। उम्मीद है युवाओं को रोजगार का और अवसर मिलेगा।
लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में खगड़िया के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पटना के राजेंद्र नगर के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा, "मेरी लोगों से अपील है कि घरों से निकलें और मतदान करें।"
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 17 जिलों की 94 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। 2,86,11,164 मतदाता, 1463 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा, “परिवर्तन की इस सुनामी में बिहार के लोग 'पढई, कामई, दवई, सिचाई, मेहेंगाई' के एजेंडे पर मतदान करेंगे। मुझे यकीन है कि वे हमारे लिए मतदान करेंगे क्योंकि वे राज्य में बदलाव चाहते हैं, वे सक्रिय और प्रगतिशील सरकार चाहते हैं। बिहार की जनता बदलाव के लिए वोट करेगी।”
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 17 जिलों की 94 सीटों पर आज वोटिंग होगी। मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी। 2,86,11,164 मतदाता, 1463 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
ये है मतदान का समय:
8 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। जबकि 86 सीटों पर वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। जिन विधानसभा सीटों पर शाम 4 बजे तक मतदान होना है, उनमें मीनापुर, पारू, साहेबगंज, कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, अलौली, बेलदौर और राघोपुर सीट शामिल हैं।
दूसरे चरण में किस दल के कितने प्रत्याशी मैदान में हैं?
दूसरे चरण में सबसे ज्यादा आरजेडी के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। आरजेडी के कुल 56 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि बीजेपी के 46 प्रत्याशी हैं। जेडूयी के 43 प्रत्याशी मैदान में हैं। बीएसपी के 33, सीपीआई के 4, सीपीआई एम के 4, कांग्रेस के 24, एनसीपी के 29, एलजेपी के 52, आरएलएसपी के 36 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 नवंबर को हो जाएगा।
दूसरे चरण में इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर:
बिहार के दूसरे चरण के मतदान में जिन नेताओं की किस्मत दाव पर हैं, उनमें तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव भी शामिल हैं। तेजस्वी यादव राघोपुर से मैदान में हैं तो तेजप्रताप यादव हसनपुर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, इस चरण में चार मंत्रियों पटना साहिब से नंद किशोर यादव, मधुबन से राणा रणधीर सिंह, नालंदा से श्रवण कुमार और हथुआ से रामसेवक सिंह के भाग्य का फैसला भी ईवीएम में कैद हो जाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Nov 2020, 6:22 AM IST