हालात

'लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है BJP', अखिलेश बोले- घोसी में वह चुनाव हार रही है इसलिए सपा पर लगा रही झूठे आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि BJP लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। सत्ता के अहंकार में यह जनता के अधिकारों को छीन रही है। पूरा देश इनके तानाशाही व्यवहार को देख रहा है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी को हार का डर सता रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि BJP लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। सत्ता के अहंकार में यह जनता के अधिकारों को छीन रही है। पूरा देश इनके तानाशाही व्यवहार को देख रहा है। घोसी में वह चुनाव हार रही है इसलिए समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रही है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार जनता का सबसे बड़ा अधिकार है। बीजेपी सरकार जनता के सर्वोच्च अधिकार को भी छीनकर तानाशाही सरकार की स्थापना करना चाहती है। इस बार घोसी की जनता एकजुट होकर अपने वोट के अधिकार से लोकतंत्र विरोधी भाजपा को हराकर जवाब देगी।

अखिलेश ने कहा कि बीजेपी घोसी विधानसभा उपचुनाव में तांडव कर रही है। पुलिस-प्रशासन को बीजेपी कार्यकर्ता की तरह प्रयोग कर रही है। सरकार के इशारे पर पुलिस-प्रशासन सपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं को फर्जी तरीके से गिरफ्तार कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी मतदान के पूर्व पुलिस-प्रशासन के द्वारा मतदाताओं को डराने, धमकाने का काम कर सेवा नियमावली के विरूद्ध आचरण कर रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि किसी के दबाव में न आए। अपना वोट जरूर डालें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए