
देश में बढ़ती रेप की घटनाओं पर लगाम लगे इसे लेकर जनता सत्ताधारी बीजेपी की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। लेकिन बीजेपी के नेता रेप की घटनाओं पर लगमा कसने की उपाय करने के बजाय उलटा सीधा बयान दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने रेप की बढ़ती घटनाओं पर विवादित बयान दिया है। विधायक सुरेंद्र सिंह ने देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर कहा है कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भगवान राम भी आ जाएंगे तो इन घटनाओं पर काबू पाना संभव नहीं है।
बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने दुष्कर्म की घटनाओं पर काबू पाने का उपाय भी बताया। उन्होंने कहा, “यह सभी का धर्म है कि समाज के सभी लोगों को अपना परिवार समझें, सभी को अपनी बहन समझने के धर्म का पालन करना चाहिए। संस्कार के बल पर ही इन घटनाओं पर काबू पाया जा सकता है।”
यह कोई पहली बार नहीं है जब बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया है। इस पहले भी वे कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। 5 जून, 2018 को एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि अधिकारियों से अच्छा चरित्र तो वेश्याओं का होता है। उन्होंने कहा था कि वेश्याएं पैसा लेकर कम से कम अपना काम तो करती हैं और स्टेज पर नाचती हैं, पर अधिकारी तो पैसा लेकर भी आपका काम करेंगे की नहीं, इसकी कोई गारंटी ही नहीं होती।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Jul 2018, 10:12 AM IST