हालात

राहुल गांधी की प्रेम की पहल से घबराने लगे हैं बीजेपी सांसद, ‘गले लगने से बचने के लिए हट जाते हैं दो कदम पीछे’

लगता है कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधीके प्रेम की पहल से बीजेपी नेता और सांसद घबराए हुए से हैं। राहुल गांधी ने बुधवारको कहा कि उन्हें देखकर बीजेपी सांसद दो कदम पीछे हट जाते हैं, उन्हें लगता है कि कहीं मैं उन्हें गले न लगा लूं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया राजधानी दिल्ली में बुधवार को वरिष्ठ पत्रकार करन थापर की पुस्तक के विमोचन के मौके पर पूर्व डिप्टी सीएम लाल कृष्ण आडवाणी और  उनकी पुत्री प्रतिभा आडवाणी से मिलते कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने अपना भाषण खत्म करने के बाद अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाकर उन्हें गले लगा लिया था। राहुल गांधी के इस कदम की जहां चारों तरफ प्रशंसा और चर्चा हो रही है, वहीं प्रधानमंत्री समेत बीजेपी के सारे नेता इसकी आलोचना कर रहे हैं।

बुधवार को वरिष्ठ पत्रकार करन थापर की किताब के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन वे न तो बीजेपी और न ही प्रधानमंत्री मोदी या संघ के किसी नेता से नफरत करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि, “आप किसी से भी वैचारिक तौर पर लड़ सकते हैं, लेकिन इसमें नफरत होगी या नहीं, यह आपका फैसला है।” कार्यक्रम में मौजूद पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि, “मैं आडवाणी जी से वैचारिक तौर पर हर मोर्चे पर लड़ूंगा, उनसे असहमति जताऊंगा, लेकिन इसके लिए मैं उनसे नफरत नहीं करूंगा।” उन्होंने आगे मजाक में कहा कि, “अब तो बीजेपी सासंद मुझे देखकर दो कदम पीछे हट जाते हैं कि कहीं मैं उन्हें गले न लगा लूं।”

कार्यक्रम के बाद राफेल विमान सौदे पर पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा इस बारे में आप मेरे ट्वीट देखिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 26 Jul 2018, 8:12 AM IST