
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सिंघार का आरोप- एथेनॉल प्लांट के लिए जानबूझकर अनाज को किया जा रहा खराब
राज्य के लोगों को मिल नहीं पा रहा अनाज
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि एक तरफ अनाज सड़ रहा है तो दूसरी ओर कुपोषण से बच्चों की मौत हो रही है। नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य के लोगों को अनाज मिल नहीं पा रहा है और उसी का नतीजा है कि कुपोषण से बच्चों की मौत हो रही है, अनाज सड़ने की स्थिति में है।
सवाल उठ रहा है कि क्या एथेनॉल प्लांट के लिए जानबूझकर अनाज को खराब किया जा रहा है। अगर बच्चों तक यह अनाज पहुंच जाता तो कुपोषण के शिकार बच्चे नहीं होते, बालाघाट का मामला हम सबके सामने हैं । कांग्रेस लगातार सरकार की नीतियों और युवाओं की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर मुखर है।
इस सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज है और हर वर्ग के जो मुद्दे हैं उन मुद्दों को उठा रही है, हर वर्ग को उसके अधिकार दिलाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है और जनता के बीच जाकर यह बताया जा रहा है कि सरकार की जो जिम्मेदारी है, उसका निर्वहन वह ठीक तरीके से नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी जब तक उनका निराकरण नहीं हो जाता । इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर नेता प्रतिरोध ने कहा कि जिस दिन ई वी एम से चुनाव होना बंद हो जाएगा उसे दिन भारतीय जनता पार्टी सीमित हो जाएगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए