हालात

'पहले अपना टिकट पक्का कराएं CM योगी', अखिलेश यादव का पलटवार, कई और मुद्दों पर भी घेरा

अयोध्या से जुड़े सवालों और मुख्यमंत्री की चुनौती पर अखिलेश यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ टिकट बांटने की स्थिति में नहीं हैं। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को अपने टिकट का भरोसा नहीं है, उन्हें दूसरों को चुनौती देने के बजाय पहले अपना टिकट पक्का कराना चाहिए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण की जयंती पर लखनऊ स्थित जेपीएनआईसी पहुंचकर बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री की चुनौती और अयोध्या से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि अहंकार करने वाले लोग पीडीए की ताकत के सामने टिक नहीं पाएंगे।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टिकट नहीं बांटते, बल्कि उन्हें खुद टिकट के लिए कतार में लगना पड़ता है। अखिलेश ने बीजेपी नेताओं को पहले अपना टिकट पक्का कराने की सलाह भी दी।

'2027 में बीजेपी की हार तय'

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए की ताकत के आगे अहंकारी लोगों का टिकना मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मेहनत की और पसीना बहाया, लेकिन मुख्यमंत्री काला चश्मा लगाकर सत्ता में आ गए। सपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा और पीडीए की ताकत से सरकार घबराई हुई है।

'मुख्यमंत्री पहले अपना टिकट पक्का कराएं'

अयोध्या से जुड़े सवालों और मुख्यमंत्री की चुनौती पर अखिलेश यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ टिकट बांटने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को भी टिकट हासिल करने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को अपने टिकट का भरोसा नहीं है, उन्हें दूसरों को चुनौती देने के बजाय पहले अपना टिकट पक्का कराना चाहिए।

चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग बीजेपी के पक्ष में काम कर रहा है और सच नहीं बोल रहा। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को अपनी हार का डर सता रहा है, इसलिए वह घबराई हुई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र-नौजवानों को तत्काल रिहा करने की मांग की।

'बीजेपी के लोग हिटलर से सीखकर आए हैं'

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके लोग हिटलर से सीखकर आए हैं। प्रदर्शन के दौरान एक युवती के साथ कथित व्यवहार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सामने आई तस्वीरें सही हैं, तो ऐसा बर्ताव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान नहीं कर रही और सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने में लगी हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए