हालात

कांग्रेस ने गौरव गोगोई को सौंपी असम कांग्रेस की कमान, तीन युवाओं को कार्यकारी अध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी

कांग्रेस नेतृत्व ने 42 वर्षीय गोगोई के साथ कार्यकारी अध्यक्ष का उत्तरदायित्व भी तीन युवा नेताओं को सौंपा है। सिकदर 44, रोजलीना 43 और सरकार 42 वर्ष के हैं। लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई को विधानसभा चुनाव से लगभग एक साल पहले यह जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस ने गौरव गोगोई को सौंपी असम कांग्रेस की कमान, तीन युवाओं को कार्यकारी अध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने गौरव गोगोई को सौंपी असम कांग्रेस की कमान, तीन युवाओं को कार्यकारी अध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी फोटोः सोशल मीडिया

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले सोमवार को अपनी राज्य इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। कांग्रेस ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तत्काल प्रभाव से बड़ा बदलाव करते हुए तीन कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति भी की है। गौरव गोगोई ने यह नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वह आने वाले दिनों में राज्य की जनता का आशीर्वाद मांगेंगे।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही तीन नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। असम विधानसभा के सदस्य जाकिर हुसैन सिकदर, पूर्व विधायक रोजलीना टिर्की और प्रदीप सरकार को पार्टी की असम इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

कांग्रेस नेतृत्व ने 42 वर्षीय गोगोई के साथ कार्यकारी अध्यक्ष का उत्तरदायित्व भी तीन युवा नेताओं को सौंपा है। सिकदर 44, रोजलीना 43 और सरकार 42 वर्ष के हैं। लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई को विधानसभा चुनाव से लगभग एक साल पहले यह जिम्मेदारी दी गई है। गौरव गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरूण गोगोई के पुत्र हैं। असम में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। इससे पहले भूपेन कुमार बोरा असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

गौरव गोगोई ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं इस जिम्मेदारी के लिए, मुझ पर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करता हूं। भूपेन बोरा ने पार्टी का आगे बढ़कर नेतृत्व किया और शानदार योगदान दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और अपने परिवार, विशेषकर अपनी पत्नी और बच्चों के सहयोग के बिना यहां नहीं होता। असम में कांग्रेस पार्टी में इतने सारे समर्पित और प्रेरक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ काम करना एक आशीर्वाद है। उनकी बुद्धिमत्ता, अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मैं अपने वरिष्ठों और सहकर्मियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। आने वाले दिनों में असम के लोगों का आशीर्वाद मांगूंगा और विश्वास है कि सब लोग मिलकर अपने राज्य के लिए बेहतर भविष्य बना सकते हैं।’’

गोगोई वर्तमान में असम के जोरहाट से लोकसभा सदस्य हैं और लगातार तीसरी बार निचले सदन में पहुंचे हैं। इससे पहले वर्ष 2014 से 2024 तक लगातार दो बार असम की कलियाबोर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। गोगोई के पिता तरूण गोगोई मई, 2001 से मई, 2016 तक लगातार तीन बार असम के मुख्यमंत्री रहे थे।

कांग्रेस ने गोगोई को यह जिम्मेदारी उस वक्त सौंपी है जब असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और बीजेपी उन पर उनकी पत्नी के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ से कथित संबंध और कांग्रेस सांसद के ‘‘पाकिस्तान दौरे’’ को लेकर लगातार हमला कर रही है। आरोपों को खारिज करने के साथ पलटवार करते हुए गोगोई ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी ‘‘हास्यास्पद, निराधार और बकवास’’ है और वह तथ्यों की जांच किए बिना "आईटी सेल ट्रोल" की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • तेजस्वी यादव का दावा- बीजेपी ने जेडीयू को खत्म करने के लिए संजय झा को पार्टी में ‘प्लांट’ किया था

  • ,
  • महाराष्ट्रः अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर सियासी घमासान तेज, रोहित पवार ने एनसीपी विधायकों को घेरा

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: दलित छात्रा निशु मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को किया गिरफ्तार, नेपाल भागने की कोशिश नाकाम

  • ,
  • बॉलीवुड से साउथ तक इन एक्टर्स ने पर्दे पर निभाया श्रीकृष्ण का किरदार, किसी को मिली तारीफ और कोई बना यादगार

  • ,
  • दुनिया की खबरें: नेपाल बाढ़ में 10 दिन से नींद और भूख खत्म, मन में थी घबराहट, जिंदा बचे लोगों की आपबीती