हालात

संसद सत्र को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, गोगोई बोले- परिसीमन के जरिये संविधान बदलने की कोशिश में सरकार

गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार पहले एसआईआर और मतदाता सूची में हेरफेर के जरिये यह तय करने की कोशिश कर रही है कि कौन मतदान कर सकता है और कौन नहीं। अब परिसीमन के जरिये यह तय करने की कोशिश की जा रही है कि कौन कहां मतदान कर सकेगा।

संसद सत्र को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, गोगोई बोले- परिसीमन के जरिये संविधान बदलने की कोशिश में सरकार
संसद सत्र को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, गोगोई बोले- परिसीमन के जरिये संविधान बदलने की कोशिश में सरकार फाइल फोटो

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास पर हुई पार्टी की संसदीय रणनीतिक समूह की बैठक में अगले सप्ताह प्रस्तावित संसद की बैठक और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ नारे के साथ विफल रहने के बाद मोदी सरकार अब परिसीमन के जरिये संविधान बदलने की कोशिश में जुटी है, लेकिन वह अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी।

इस बैठक के बाद लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार का लक्ष्य परिसीमन के माध्यम से लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर वह काम करने का है, जिसे वह पिछले लोकसभा चुनाव में 400 पार के नारे के बावजूद नहीं कर पाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन आयोग के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या और हर राज्य की लोकसभा सीटों की सीटों की संख्या को भी बरकरार रखा जाए और इसमें 25 साल तक कोई बदलाव नहीं होने चाहिए। उनके मुताबिक, कांग्रेस की मांग यह भी है कि 543 सीटों में ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

गोगोई ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में हेरफेर के जरिये यह तय करने की कोशिश कर रही है कि कौन मतदान कर सकता है और कौन नहीं। अब परिसीमन के जरिये यह तय करने की कोशिश की जा रही है कि कौन कहां मतदान कर सकेगा।’’

गौरव गोगोई ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस आयोग के कामकाज को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं, उससे जुड़ी व्यवस्था में परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष होगी, इसकी उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा संसद को सुचारू रूप से चलाने की नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि एक दिन में 140 से अधिक सांसदों को निलंबित करने के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त को कानूनी कार्रवाई से सुरक्षा देने वाला विधेयक पारित किया गया था। गोगोई ने कहा, ‘‘इनका सपना था कि 400 पार करके संविधान के ढांचे और उसके मूल स्वरूप को बदलेंगे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। अब परिसीमन के जरिये संसद में सीटों की संख्या बढ़ाकर उनकी यही कोशिश है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी और इस संबंध में विभिन्न दलों से बातचीत जारी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में शुक्रवार को अन्य विपक्षी दलों के साथ संयुक्त बैठक भी होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

यह पूछे जाने पर कि बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास कथित तौर पर 322 सांसदों का समर्थन होने की बात कहां से आई, गोगोई ने कहा कि बीजेपी के साथ रहने वाले दलों को भी उसकी कथित मंशा पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बीजेपी की राजनीति, संविधान बदलने की उसकी मंशा और सत्ता के प्रति उसके लालच से परिचित दल इस मुद्दे पर विचार करेंगे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा में आगामी सोमवार को संविधान संशोधन विधेयक और अन्य विधेयकों पर चर्चा निर्धारित है, लेकिन शुक्रवार शाम छह बजे तक ये विधेयक सांसदों को उपलब्ध नहीं कराए गए । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के ‘खेल जारी हैं’। उन्होंने कहा कि यह स्थिति असाधारण और पूरी तरह अस्वीकार्य है।

  • बड़ी खबर LIVE: संसद सत्र से पहले गरमाई सियासत, जयराम रमेश का सरकार पर हमला, सांसदों को अब तक नहीं मिली विधेयकों की कॉपी

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: हफ्ते के आखिरी सत्र में फिसला बाजार, सेंसेक्स 989 अंक लुढ़का, निफ्टी में 1%से ज्यादा की गिरावट

  • ,
  • कलकत्ता हाईकोर्ट से ऋतब्रत बनर्जी को बड़ा झटका, नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने का स्पीकर का फैसला रद्द

  • ,
  • खेल: दूसरे टेस्ट से बाहर होने पर भावुक दिखे सिराज और इस खिलाड़ी को टीम से बाहर रखकर भारत ने कर दी बहुत बड़ी गलती?

  • ,
  • Air Pollution: जहरीली हवा का सीधा असर! बाहर निकलते ही सिर में उठता है दर्द तो तुरंत संभल जाएं, जानें क्या होगा?