
राजधानी दिल्ली में जेन-जी आंदोलन का नेतृत्व कर बीजेपी सरकार को मुश्किल में डालने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ है। मुंबई पुलिस ने सीजेपी नेताओं के खिलाफ यह सर्कुलर जारी किया है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इन तीनों ने गांधी जयंती के दिन मुंबई में बिना पूर्व अनुमति के आंदोलन किया था। इस मामले में मुंबई में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब पुलिस इनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें। मुंबई पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान पूछताछ के लिए जरूरत पड़ सकती है, इसलिए उनका देश में होना आवश्यक है। इसीलिए लुकआउट जारी किया गया है।
यह सर्कुलर तीन-चार दिन पहले जारी किया गया था। लेकिन यह मामला तब सामने आया जब सौरव दास को ब्रिटेन यात्रा से एयरपोर्ट पर रोके जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे। केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में बताया कि सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास के खिलाफ मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इसी के चलते उन्हें विदेश जाने से रोका गया है। इस मामले में अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने कहा कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। उन्हें इस संबंध में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है, जिसका जवाब अभी तक उन्होंने नहीं दिया है। वहीं दास के वकील ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल को न तो किसी एलओसी के जारी होने की जानकारी दी गई है और न ही यह बताया गया कि इसे जारी करने की वजह और इसका उद्देश्य क्या है।
लंदन क्यों जा रहे थे सौरव दास?
अदालत सौरव दास की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाने से रोके जाने को चुनौती दी है। इस कार्यक्रम में उन्हें ‘‘कॉकरोच मूवमेंट’’ विषय पर बोलना था। सौरव दास ने आरोप लगाया है कि 23 नवंबर की रात लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था। अब मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सौरव के साथ ही दीपके और रांका के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी है।
सीजेपी ने अपने नेताओं के खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर की आलोचना की और सवाल किया कि क्या भगोड़े विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की गई थी। संगठन ने अधिकारियों से सवाल किया कि उसके राष्ट्रीय सह-संयोजक दास को ब्रिटेन जाने से किस आधार पर रोका गया, जबकि केंद्र ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया था कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को उनके खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ जारी किया था।
सीजेपी ने एक बयान में कहा कि हवाई अड्डे पर रोके जाने के दौरान सौरव दास को उनके खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ जारी होने की जानकारी नहीं दी गई थी। संगठन ने कहा कि अदालत के समक्ष किया गया यह खुलासा हवाई अड्डे पर दास को दी गई जानकारी के विपरीत था, जहां आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने से रोकने के लिए उनके पासपोर्ट में कथित विसंगतियों का हवाला दिया था। संगठन ने कहा, ‘‘उस समय उन्हें केवल यही कारण बताया गया था कि उनके पासपोर्ट में कथित विसंगतियां हैं। एलओसी की कोई प्रति दास या उनके वकीलों को उपलब्ध नहीं कराई गई है।’’
सौरव दास ने भी कहा कि आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें उनके पासपोर्ट के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी होने की जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उनके खिलाफ कोई एलओसी जारी किया गया था या उनका नाम ‘उड़ान निषिद्ध’ सूची में था। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने भी किसी एलओसी का जिक्र नहीं किया था। दास ने बताया कि कारण बताओ नोटिस में केवल उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई थी।
दास ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने यात्रा पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस आधार नहीं होने के कारण अदालत के समक्ष एलओसी का हवाला दिया। उन्होंने कहा, ‘‘एलओसी का जिक्र स्पष्ट रूप से बाद में किया गया।’’ दास ने कहा, ‘‘मेरे यात्रा करने के मौलिक अधिकार पर रोक लगाने के लिए उनके पास कोई ठोस आधार नहीं है, इसलिए उन्होंने अदालत में यह बहाना बनाया। अब वे अपने कार्यालय लौटेंगे और तय करेंगे कि एलओसी में आखिर क्या लिखा जाए। कानून में ऐसा प्रावधान है कि एलओसी का खुलासा किसी को करना जरूरी नहीं है। इससे उन्हें इस तरह की गैरकानूनी कार्रवाई के लिए और अधिक संरक्षण मिल जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को बताना चाहिए कि विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और ऐसे अन्य भगोड़ों के खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ कब जारी किए गए थे और उन्हें जनता के पैसे लेकर अपनी उड़ानों में सवार होने की अनुमति क्यों दी गई। मेरी तरह असहमति जताने वाले युवा और शिक्षित भारतीयों को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है?’’
कॉजपा की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने सवाल उठाया कि जब दास का पासपोर्ट न तो रद्द किया गया था और न ही जब्त किया गया था, तो उन्हें विदेश जाने से रोकने का कानूनी आधार क्या था। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक के विदेश यात्रा करने के मौलिक अधिकार पर ‘‘बदलते हुए स्पष्टीकरण और परोक्ष आदेशों के जरिए’’ रोक नहीं लगाई जा सकती। सीजेपी ने अधिकारियों से एलओसी का खुलासा करने और घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्योरा देने की मांग की।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए