
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर देर शाम पटना पहुंच गया। पटना एयरपोर्ट पर जमा हुई भारी भीड़ के बीच पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए स्टेट हैंगर में रखा गया, जहां पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों समेत राज्य के तमाम बड़े नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए। इस दौरान पुलिस ने पासवान के दामाद और बेटी को एयरपोर्ट में नहीं घुसने दिया, जिस पर हंगामा खड़ा हो गया।
Published: 09 Oct 2020, 10:12 PM IST
पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए एयरपोर्ट में नहीं जाने देने पर रामविलास पासवान की बेटी और दामाद अनिल साधु नाराज हो गए और उन्होंने पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर गेट पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने वहां से गुजर रहे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के काफिले को भी रोक दिया और हंगामा करने लगे। इसके बाद वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई और अच्छा खासा हंगामा खड़ा हो गया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिस ने काफी मशक्कत से उन्हें हटाया, तब जाकर सुशील मोदी की गाड़ी अंदर गई।
Published: 09 Oct 2020, 10:12 PM IST
पटना जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा अंदर जाने की इजाजत नहीं देने पर रामविलास पासवान की बेटी ने कैमरे के सामने रोते हुए आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कहने पर उनको दर्शन करने से रोका जा रहा है। बता दें कि वह रामविलास पासवान की पहली पत्नी की बेटी हैं। उन्होंने कुछ साल पहले अपने अधिकार के लिए पिता के खिलाफ धरना भी दिया था। वहीं उनके पति अनिल साधु आरजेडी में हैं और पार्टी के एसटी-एसटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हैं।
Published: 09 Oct 2020, 10:12 PM IST
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद गुरुवार की शाम दिल्ली में निधन हो गया। वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और कुछ दिन पहले ही उनकी हर्ट सर्जरी हुई थी। बीच-बीच में उनकी तबीयत में सुधार की खबरें आ रही थी, लेकिन गुरुवार शाम को अचनाक उनके बेटे और लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उनके निधन की जानकारी दी। पासवान के निधन की खबर आते ही दिल्ली से लेकर बिहार तक शोक की लहर दौड़ गई।
Published: 09 Oct 2020, 10:12 PM IST
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Oct 2020, 10:12 PM IST