दिल्ली नगर निगम चुनाव की वोटिंग खत्म हो गई है। शाम 5.30 बजे तक करीब 50 फिसदी मतदान हुआ है। वहीं, दिल्ली कांग्रेस प्रमुख समेत कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के आरोप पर राज्य चुनाव आयोग ने सफाई देते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग से मामले को उठाने के लिए कहा।
दिल्ली नगर निगम चुनाव की वोटिंग खत्म हो गई है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे तक चला। लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे। शाम 4 बजे तक 45 फिसदी से ज्यादा मतदान हो चुका था। वहीं, दिल्ली कांग्रेस अनिल चौधरी समेत कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने पर दिल्ली चुनाव आयोग ने सफाई देते हुए केंद्रीय निर्वाचन आयोग के समक्ष मामले को उठाने के लिए कहा है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में वोटर लिस्ट से नाम गायब होने का मुद्दा बड़ा होता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी के बाद पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक राधिका खेड़ा ने भी शिकायत की है कि उनका नाम भी लिस्ट से गायब है। उन्होंने कहा कि अध्यक्षजी इस मामले में अकेले नहीं हैं। 21 साल बाद मेरा वोट देने का अधिकार मुझसे भी छीन लिया गया। मेरा नाम भी वोटर लिस्ट से हटा दिया गया। देश के लोकतंत्र के इतिहास में ‘काला दिन’ है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी है। दोपहर बाद वोटिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। लोग अपने घरों से निकलकर पोलिंथ बूथ पहुंचने लगे हैं, जहां कतारें देखी जा रही हैं। शाम 4 बजे तक लगभग 42 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है। अब वोटिंग में सिर्फ आधे घंटे का समय बाकी है। पिछले निगम चुनाव में 53.55 प्रतिशत मतदान हुआ था।
दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए मतदान जारी है। कटेवाड़ा के ग्रामीणों ने एमसीडी चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया है। एक ग्रामीण ने कहा कि तीन सड़कों के निर्माण की मांग काफी समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इन सड़कों का निर्माण नहीं कराया गया। हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम अगले चुनाव में भी वोटिंग का बहिष्कार करेंगे।
दिल्ली के यमुना विहार के ब्लॉक सी के मतदाताओं के लगभग 400 वोट वोटर लिस्ट से गायब बताए जा रहे हैं। इस पर सांसद मनोज तिवारी ने राज्य निर्वाचन आयोग से बात कर शिकायत की है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के लिए मतदान जा री है। दिल्ली पुलिस निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। तस्वीरें उत्तरी दिल्ली पुलिस स्टेशन कोतवाली और सब्जी मंडी की हैं।
वोट डालने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं लोगों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। हम देख सकते हैं कि हर जगह कचरा है। दिल्ली को साफ करने का मौका है। उस पार्टी को वोट दें जो विकास का काम करे और ईमानदार हो। भ्रष्टाचारियों को वोट मत दो। हमें अगले 5 साल में दिल्ली को साफ करना है।”
MCD चुनाव में वोट डालने के बाद बीजेपी उम्मीदवार राज रानी ने कहा, “MCD के एकीकरण से रुके हुए विकास के कार्यों के लिए पूरा बजट मिलेगा। AAP के चुने हुए मंत्री जेल में हैं तो वे काम कैसे कर पाएंगे। जैसा उनका पहला नेतृत्व है वैसा ही MCD में भी होगा। मुझे यकीन है कि यहां से मुझे 100% समर्थन है।”
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा, “मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, मेरी पत्नी ने वोट डाला है। अभी तक ना मुझे लिस्ट के बारे में बताया जा रहा है ना मेरा नाम दिख रहा है, मैं अभी औपचारिक जानकारी का इंतजार कर रहा हूं।”
बीजेपी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मतदान के बाद कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, मुझे उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 वर्षों में बीजेपी का काम देखा है।”
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रघुबीर नगर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील करती हूं. लोगों को बदलाव के लिए मतदान करना चाहिए।”
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “ईमानदार पार्टी को वोट दें,शरीफ़ और अच्छे लोगों को वोट दें। भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, लफ़ंगई, गाली गलौज करने वालों को वोट ना दें। दिल्ली को कूड़ा करने वालों को वोट ना दें। उन्हें वोट दें जो दिल्ली को चमकाएंगे, साफ सुथरा करेंगे। काम करने वालों को वोट दें,काम रोकने वालों को वोट न दें।”
पहली बार मतदान करने वाली एक छात्रा सोनम ने कहा, “मैं आज पहली बार मतदान करने आई हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। जितना जरूरी इस देश में रहना है उतना ही जरूरी हमें देश को और बेहतर करने की दिशा में मतदान करना है। मेरे लिए महिला सुरक्षा,सफाई,सड़के बनवाना यह प्राथमिकता है।”
दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1.5 करोड़ लोग निगम के लिए अपनी सरकार चुनेंगे। MCD का काम है दिल्ली का कूड़ा साफ करना,व्यापारियों को इमानदारी से लाइसेंस देना,गलियां बनवाना,पार्कों की सफाई करनवाना है। आप अपना वोट यह सोच कर दें कि आप वोट दिल्ली को साफ,स्वच्छ रखने के लिए दे रहे हैं।
MCD चुनाव में वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, “ये चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सबसे बेहतरीन हैं। पिछली बार हमे 24% वोट मिले थे और हमने 31 सीटें जीती थी। 2019 में भी हमें 22-23 % वोट मिले थे।”
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया है। तस्वीरें मटियाला गांव मतदान केंद्र की है।
दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक होगा। 250 वार्ड में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। 1.45 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
दिल्ली में MCD चुनाव के लिए मतदान 8 बजे से शुरू होगा। मतदान से पहले मॉक पोलिंग की गई। तस्वीरें मटियाला गांव मतदान केंद्र की है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए थोड़ी देर में वोटिंग शुरू होगी। सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है। 250 वार्ड में कुल 1,349 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 1.45 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,322 है, जिसमें 78,93,403 पुरुष, 66,10,858 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर हैं। दिल्ली में 100 साल से ज्यादा उम्र के 229 वोटर्स हैं। वहीं, 80 से 100 साल के बीच मतदाताओं की संख्या 2,04,301 है। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या 95,458 है। दिल्ली नगर निगम दुनिया के सबसे बड़े निकायों में से एक है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 04 Dec 2022, 7:31 AM IST