हालात

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक: अखिलेश यादव भड़के, कहा- 'यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है'

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की खबरों पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है।

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक: अखिलेश यादव भड़के, कहा- 'यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है'
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक: अखिलेश यादव भड़के, कहा- 'यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है' 

परिसीमन विधेयक पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा हमला, कहा- 'बीजेपी की सबसे बड़ी भूल'

अखिलेश यादव बोले- यूपी के चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए परिसीमन ला रही बीजेपी

अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश हो सकता है नया विधेयक

अखिलेश यादव का आरोप- 'चंदा चोरी और विवादों के बाद देश को गुमराह कर रही सरकार'

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित परिसीमन भारतीय जनता पार्टी की ‘‘सबसे बड़ी भूल’’ साबित होगी और दावा किया कि इस कवायद का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों को प्रभावित करना है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी गई और इसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।

'परिसीमन' बीजेपी की सबसे बड़ी भूल होगी'

केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में इस विधेयक को मंजूरी के लिए पेश किया गया। इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी अन्य राज्यों की तुलना में कम न हो। वही अखिलेश यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘परिसीमन' बीजेपी की सबसे बड़ी भूल होगी।

'चंदा चोरी और विवादों के बाद देश को गुमराह कर रही सरकार'

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब उन्हें लगा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव उनके हाथ से निकल रहे हैं, और चंदा चोरी तथा श्रद्धालुओं के चढ़ावे की चोरी के विवाद के बाद, उन्होंने केवल उत्तर प्रदेश चुनाव जीतने और पूरे देश को गुमराह करने के लिए परिसीमन लाने की शुरुआत कर दी।’’

अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी सहित बीजेपी सरकार द्वारा लिए गए कई बड़े फैसले अपेक्षित लाभ नहीं दे पाए। उन्होंने 2016 की नोटबंदी के दौरान जन्मे एक बच्चे का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आज भी हम खजांची का जन्मदिन मना रहे हैं, जिसका जन्म नोटबंदी के दौरान हुआ था।’’

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘सरकार ने वादा किया था कि भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म हो जाएगा। आप और हम जानते हैं कि भ्रष्टाचार कितने गुना बढ़ गया है।’ सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के केंद्र के दावों में कोई सच्चाई नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘हमें भरोसा दिलाया गया था कि हमारी सीमाएं सुरक्षित रहेंगी और कोई भी हमारे देश की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं करेगा। लेकिन आज भी हम सुनते हैं कि चीन लगातार भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर रहा है।"

उन्होंने यह भी सवाल किया कि सरकार ने वर्ष 2014 से पहले भारत के क्षेत्रीय दायरे और मौजूदा स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी है।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए पूछा कि 2014 के बाद से साबुन, बिस्कुट, खाद्य तेल, रसोई गैस, चीनी और बिजली जैसी रोजमर्रा की चीजें कितनी महंगी हो गई हैं। अखिलेश यादव ने बीजेपी के ‘एक देश, एक चुनाव’ प्रस्ताव पर भी तंज कसते हुए कहा, ‘‘जो लोग 'एक देश, एक चुनाव' की बात करते हैं, वे एक मतदाता सूची तक तो सुनिश्चित कर नहीं पा रहे हैं।’’

अखिलेश यादव ने SIR को लेकर घेरा

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आंकड़ों में विसंगतियों पर सवाल उठाया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कथित तौर पर 2.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही थी, जबकि मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए जाने का जिक्र किया था, इनमें से कौन सही आंकड़े दे रहा है? उन्होंने पूछा, ‘‘झूठ कौन बोल रहा है?’’

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए तंज कसते हुए कहा, ‘‘मैं भी आपको एक आंकड़ा देता हूं। एक नाम ऐसा है जो सूची से हमेशा के लिए गायब हो गया है, और वह नाम है- भविष्य के मुख्यमंत्रियों की सूची से मौजूदा मुख्यमंत्री का नाम।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए