
राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना में अपने 21 वर्षीय बेटे अर्पित जाज को खोने के बाद उसे अंतिम विदाई देने वाले देवास के भूपेंद्र जाज ने मंगलवार को दोनों हाथ जोड़कर अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि “अपने बच्चों को पढ़ने के लिए दिल्ली न भेजें...”।
भूपेंद्र जाज की आवाज में नौजवान बेटे को खोने का दर्द और दूसरे परिवारों को ऐसी त्रासदी से बचाने की चिंता साफ झलक रही थी। दिल्ली के एक महाविद्यालय के बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र अर्पित की अंतिम यात्रा में उनके परिजन के साथ ही दोस्तों, शिक्षकों और पड़ोसियों की आंखें नम थीं।
बेटे को अंतिम विदाई देने के बाद भूपेंद्र ने संवाददाताओं से कहा, “मैं सभी माता-पिता से बस यही कहना चाहूंगा कि वे अपने बच्चों को पढ़ने के लिए दिल्ली न भेजें। मैं हताश हो गया हूं। मैं कई कठिनाइयों से जूझते हुए अर्पित को पढ़ा रहा था।” उन्होंने बताया कि अर्पित की एक आंख हादसे में खराब हो गई थी और परिवार ने उसकी दूसरी आंख दान करने का फैसला किया है, ताकि किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी रोशन हो सके।
देवास में टैक्सी के कारोबार से जुड़े भूपेंद्र ने कहा कि हादसे के बाद बेटे की तलाश में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और दिल्ली के प्रशासन से उन्हें जरूरी मदद नहीं मिली।उन्होंने कहा, “हम दुर्घटनास्थल से लेकर अस्पतालों तक अर्पित को ढूंढते रहे, लेकिन कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं था। आखिरकार एक वकील की मदद से हमने बेटे के शव की पहचान की।”
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे पर राहुल गांधी का बीजेपी सरकार पर हमला, बोले- रोकथाम नहीं, बाद में सिर्फ बयानबाजी
भूपेंद्र ने मांग की कि हादसे की विस्तृत जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और प्रशासन को घटनास्थल के आसपास की जर्जर इमारतों पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। अर्पित के दादा माखनलाल जाज ने रुंधे गले से कहा, “वह (अर्पित) हमारे परिवार का चिराग था। हमसे हमारा सहारा छिन गया।”
ये भी पढ़ें : इमारत हादसा, अग्निकांड, जलजमाव और भगदड़... आखिर क्यों नहीं थम रहीं दिल्ली की त्रासदियां?
परिजन के मुताबिक, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का त्योहार मनाने के बाद अर्पित पांच सितंबर को गृहनगर देवास से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था और छह सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा था। उन्होंने बताया कि इसके कुछ ही घंटों बाद सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना हुई, जिसमें अर्पित की मौत हो गई। परिजन के अनुसार, हादसे के बाद उनका अर्पित से संपर्क टूट गया। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को अर्पित के शव की शिनाख्त हुई, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए देवास ले आया गया।
इसे भी पढ़ेंः सत्य निकेतन त्रासदी के पीछे की असलियत: डीयू के 3.5 लाख छात्रों के लिए हॉस्टल की सिर्फ 7000 सीटें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए