
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को केंद्र सरकार के रसोई गैस के दाम घटाने पर कहा कि विपक्ष के इंडिया (INDIA) गठबंधन के डर ने केंद्र को रसोई गैस की कीमत में कटौती की घोषणा करने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन की दो बैठकों ने बीजेपी में घबराहट पैदा कर दी है, जिसका नतीजा रसोई गैस की कीमत में कटौती की घोषणा है।
सीएम ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार के आज के फैसले को विपक्षी गठबंधन के दबाव में लिया गया फैसला करार देते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ''इंडिया गठबंधन ने पिछले दो महीनों में अब तक केवल दो बैठकें ही आयोजित की हैं और आज, हम देखते हैं कि एलपीजी की कीमतें 200 रुपये कम हो गई हैं। ये है इंडिया का दम।''
वहीं, मोदी सरकार के आज के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ''प्रति सिलेंडर रसोई गैस की कीमत में 200 रुपये की कटौती 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार के लॉलीपॉप के अलावा कुछ नहीं है। सरकार इस लॉलीपॉप से आम लोगों का गुस्सा नहीं जीत पाएगी।''
बता दें कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की अगली बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने वाली है। ममता बनर्जी एक दिन पहले 30 अगस्त को मुंबई पहुंचने वाली हैं। ममता के 31 अगस्त की शाम को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित डिनर में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए