चीन समेत दुनिया भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। वहीं भारत में सोमवार को कोरोना वायरस के 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे देश में अब कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 43 तक जा पहुंची है। इस बीच ईरान से यात्रा कर लेह आए एक शख्स की मौत हो गई है। इस शख्स में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे। खबरों के मुताबिक, संदिग्ध शख्स को शनिवार की रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मौत होने के बाद अधिकारियों को उनके गांव में जरुरी एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।
Published: undefined
साथ ही अधिकारियों ने गांव को ही सील कर दिया है। वहीं एक महिला में कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया है। संदिग्ध की मौत के बाद अधीक्षक ने बताया, “रोगी हाल ही में ईरान से तीर्थयात्रा कर लौटा था। उसे लेह कस्बे के सोनम नारबू अस्पताल में अग्नाशय और अन्य प्रमुख अंगों से जुड़ी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हमने कोरोनावायरस परीक्षण के लिए उसके नमूने भेज दिए हैं और नतीजे आने का इंतजार है।”
Published: undefined
लद्दाख क्षेत्र में ईरान से लौटे दो तीर्थयात्रियों में पहले ही यह परीक्षण पॉजिटिव आ चुका है। ये मामले सामने आने के बाद अधिकारियों ने लेह कस्बे के हायर सेकेंडरी तक के सभी स्कूलों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया है। इसी बीच, 60 साल की एक बुजुर्ग महिला, जो कि 23 फरवरी को ईरान से जम्मू लौटी है, उसमें भी इस खतरनाक वायरस का परीक्षण पॉजिटिव आया है। अधिकारियों ने बताया, “महिला का एक अलग वार्ड में इलाज चल रहा है।”
वहीं कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अब तक 3,003 नमूनों में से 43 नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 2,694 नमूनों के रिजल्ट निगेटिव हैं। 8,255 उड़ानों में से कुल 8,74,708 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हवाई अड्डों पर अब तक 1,921 यात्रियों में लक्षण पाए गए। उनमें से 177 अस्पताल में भर्ती हैं. 33,599 यात्री निगरानी में हैं। 21,867 यात्रियों ने अपना क्वारन्टीन पीरियड पूरा कर लिया है।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined