
अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी को झटका लगने का दौर जारी है। बुधवार को एक ओर जहां भारत का बजट पेश किया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर अडानी समूह की नेटवर्थ में एक बार फिर बड़ी गिरावट आई, जिससे गौतम अडानी अरबपतियों की लिस्ट में खिसककर सीधे 15वें नंबर पर पहुंच गए।
हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप को लेकर बीते 24 जनवरी को अपनी रिपोर्ट पब्लिश की थी, जिसमें ग्रुप पर कर्ज को लेकर कई दावे किए गए थे। इस रिपोर्ट के आने के बाद से ही अडानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट का दौर जारी है। इस रिपोर्ट पर अडानी ग्रुप की सफाई का भी कोई असर होता नहीं दिख रहा है। फिलहाल उन्हें कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
समूह की कंपनियों के शेयरों में लगातार जारी गिरावट के चलते गौतम अडानी की नेटवर्थ में हर गुजरते दिन के साथ कमी आ रही है। एक दिन पहले मंगलवार को अडानी टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट से बाहर हो गए थे। ये झटका अभी थमा भी नहीं था कि अब वो खिसककर 15वें पायदान पर पहुंच गए हैं। फोर्ब्स के रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, अडानी की नेटवर्थ में बीते 24 घंटे में 13.1 अरब डॉलर की कमी आई है और अब उनकी कुल संपत्ति महज 75.1 अरब डॉलर रह गई है।
गौतम अडानी अरबपतियों की लिस्ट में आए इस उतार-चढ़ाव के बीच भले ही दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो गए हों, लेकिन दूसरे भारतीय उद्योगपति और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। लंबे समय तक अडानी से पीछ रहे मुकेश अंबानी 83.7 अरब डॉलर के साथ दुनिया के नौंवे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए