हालात

लोकसभा में 'फर्जी' दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में सरकार, यह संविधान पर हमला: कांग्रेस

रमेश ने तीन मुख्य मांगें रखते हुए कहा कि अगले 25 साल तक लोकसभा की मौजूदा कुल सीटें बरकरार रखी जाएं। इस दौरान लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए। महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाए।

लोकसभा में 'फर्जी' दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में सरकार, यह संविधान पर हमला: कांग्रेस
लोकसभा में 'फर्जी' दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में सरकार, यह संविधान पर हमला: कांग्रेस फोटोः सोशल मीडिया

मोदी सरकार लोकसभा में 'फर्जी दो-तिहाई बहुमत' बनाने की कोशिश में

मोदी सरकार का यह कदम भारत के संविधान पर हमले के समान है

इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाना चाहिए और किया जाएगा

अगले 25 साल तक लोकसभा की मौजूदा सीटें बरकरार रखी जाएं

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर लोकसभा में 'फर्जी दो-तिहाई बहुमत' बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम भारत के संविधान पर हमले के समान है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में नाकाम रहने के बाद मोदी सरकार अब लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह भारत के संविधान पर हमला है। इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाना चाहिए और किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का रुख इस मामले में हमेशा स्पष्ट और एक जैसा रहा है।

कांग्रेस ने तीन मुख्य मांगें दोहराईं

इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखते हुए जयराम रमेश ने तीन मुख्य मांगें दोहराईं। इनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखना और इसी अवधि के लिए संसदीय सीटों का वर्तमान राज्यवार बंटवारा बरकरार रखना शामिल है। पार्टी ने यह भी मांग की है कि 2029 के लोकसभा चुनावों से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए उनके कोटे के भीतर आरक्षण भी शामिल होना चाहिए।

सरकार परिसीमन से जुड़ा विधेयक फिर पेश करेगी

रमेश की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार महिला आरक्षण लागू करने के साथ-साथ लोकसभा का विस्तार करने के लिए परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़ा विधेयक फिर से पेश करने की कोशिश कर सकती है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने गुरुवार को घोषणा की कि संसद की बैठक 30 नवंबर को फिर से बुलाई जाएगी ताकि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाए जा सकें।

संसद सत्र की दो बैठकों के बीच सबसे लंबा अंतराल

यह घोषणा 13 अगस्त को मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 105 दिन बाद आई है। 30 नवंबर की बैठक एक ही सत्र के दौरान संसद की दो बैठकों के बीच का सबसे लंबा अंतराल होगी। आगामी बैठक कोई अलग 'शीतकालीन सत्र' नहीं होगी बल्कि मानसून सत्र का ही विस्तार होगी, जिसे अभी तक आधिकारिक तौर पर समाप्त नहीं किया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए