
पहाड़ी राज्यों में बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार रात से तेज बारिश जारी है। कांगड़ा में देर रात हुई भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट है। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को कांगड़ा और सिरमौर में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मंडी में भी ऐसी ही स्थिति बनने की संभावना है। बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इसके चलते पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा खिसकने का खतरा बना हुआ है।
निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ भी आ सकती है। बारिश के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और कई जगह दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने और नदी, नालों व अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। प्रशासन और यातायात विभाग के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।
हिमाचल में आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 14, 15 और 16 अगस्त को भी हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। लोगों को पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में भी पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून में नदी से सटे दो भवन धराशायी हो गए हैं। वहीं पर्वतीय इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
सोमवार को भारी बारिश के कारण तमक नाले में अचानक उफान आ गया, जिससे मॉड्यूलर पुल बह गया। इसके चलते इलाके में आवाजाही प्रभावित हुई है। उत्तराखंड के अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को मौसम की जानकारी लेने के बाद ही घर से बाहर निकलने और अपनी वापसी की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए