हालात

'8 फीट पिचकी बस, शव खिड़की से लटका', यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, चार की मौत, 24 घायल

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा करीब आठ फीट तक ट्रेलर में घुस गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि एक युवक का शव खिड़की से बाहर लटका मिला।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस ने आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा करीब आठ फीट तक ट्रेलर में घुस गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि एक युवक का शव खिड़की से बाहर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने खिड़कियां व गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

Published: undefined

राया थाना क्षेत्र में राया कट से करीब दो किलोमीटर पहले हुआ हादसा

सूचना मिलते ही पुलिस की आठ पीआरबी और 12 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बस में कुल 65 यात्री सवार थे, जिनमें से 40 सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रेलर अपनी लेन में चल रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश माना जा रहा है।

Published: undefined

24 लोगों को अस्पताल लाया गया, सभी का इलाज चल रहा है

मथुरा जिला अस्पताल के डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया कि हादसे में घायल 24 लोगों को अस्पताल लाया गया है। सभी का उपचार जारी है। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है, जबकि दिल्ली के कुछ यात्रियों को भी आगे भेजा जा रहा है। दो से तीन घायलों की जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर है, जबकि अन्य की हालत फिलहाल स्थिर और सामान्य बताई गई है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined