
यूपी के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ईसानगर थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर सिसैया के पास तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
Published: undefined
जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
Published: undefined
इससे पहले, आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। यह हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन संख्या-238 के पास हुआ था।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined