
बंगाल के रेजीनगर उपचुनाव में मतदान के बीच हमायूं कबीर को रेजीनगर पुलिस ने हिरासत में लिया।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर समेत 5 विधानसभा और असम की 1 लोकसभा सीट पर मतदान जारी है।
वोट डालने के बाद हमायूं कबीर ने पुलिस पर गड़बड़ी और आम मतदाताओं को परेशान करने के आरोप लगाए।
तमिलनाडु की दो और पुडुचेरी की एक विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है।
पश्चिम बंगाल के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में मतदान के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख और विधायक हमायूं कबीर को रेजीनगर पुलिस ने हिरासत में लिया है। रेजीनगर में मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हुआ। इसी दौरान कबीर ने सोमपारा-1 ग्राम पंचायत कार्यालय में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने पुलिस पर चुनाव में गड़बड़ी करने और आम मतदाताओं को परेशान करने के आरोप लगाए।
कबीर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह वोटिंग नहीं है। पुलिस गड़बड़ी कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आम वोटरों को खुलेआम परेशान कर रही है। उनका दावा है कि पिछले दो महीनों से मुस्लिम वोटरों पर जुल्म किया जा रहा है और 64 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सभी मुस्लिम हैं। कबीर ने सुवेंदु अधिकारी को हटाने की भी मांग की।
आज दो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम, जबकि पुडुचेरी में थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर वोटिंग हो रही है। इसके अलावा असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी मतदान जारी है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम की नागांव संसदीय सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे और रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदान जारी है। धारापुरम में 320 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदाता वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। यहां 2.23 लाख योग्य मतदाता हैं और 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सुरक्षा के लिए 3,500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार हसिरानी रथ के समर्थन में पैदल मार्च निकाला था। हसिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जो अधिकारी के पूर्व सहयोगी थे और विधानसभा चुनाव में जीत के कुछ समय बाद ही उनकी हत्या कर दी गई थी।
चुनाव आयोग ने उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की व्यवस्था की है। आयोग के अनुसार, पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध कराए गए हैं और इनके जरिए मतदान सुचारू रूप से कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए