हालात

'सपा की बनी सरकार तो फ्री राशन के साथ सरसों का तेल भी देंगे', अयोध्या में गरीबों की पिटाई से आक्रोशित अखिलेश का वादा

अखिलेश ने लिखा कि जनता अब इनको हमेशा के लिए हराने के ‘मूड’ में है, इसीलिए बीजेपी से जुड़ा हर राजनीतिक व्यक्ति या तो जनाक्रोश से डरकर राजनीति छोड़ रहा है या दूसरी राजनीतिक पार्टियों के पहले दो विकल्पों में करबद्ध अपनी जगह तलाश रहा है।

'सपा की बनी सरकार तो फ्री राशन के साथ सरसों का तेल भी देंगे', अयोध्या में गरीबों की पिटाई से आक्रोशित अखिलेश का वादा
'सपा की बनी सरकार तो फ्री राशन के साथ सरसों का तेल भी देंगे', अयोध्या में गरीबों की पिटाई से आक्रोशित अखिलेश का वादा फोटोः IANS

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में दीपोत्सव के बाद दीयों से तेल बटोर रही गरीब महिलाओं की पिटाई को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिलाओं को बेंत से पिटते लोगों का वीडियो शेयर कर अपनी सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल देने का भी वादा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनने के बाद लोगों को राशन में सरसों का तेल भी दिया जाएगा।

राशन में सरसों का तेल देने का वादा

अखिलेश यादव ने सोमवार को एक्स पर लिखा, "कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे; जिससे किसी शोषित, वंचित और गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े। बीजेपी के उत्पीड़न से ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ लोग इस बार बीजेपी का स्थायी सफाया कर देंगे।"

बीजेपी पर आरोप

उन्होंने कहा, "भाजपाइयों ने अयोध्या में तथाकथित नारी वंदन का जो हिंसक नजारा पेश किया है वो वंदनीय नहीं, निंदनीय है। महिला आयोग संज्ञान लेकर इस भाजपाई और आयोजकों पर वैधानिक-दंडात्मक कार्रवाई करे।"

समाजवादी पार्टी के सांसद ने कहा, "बीजेपी के लोग ‘नारी’ का सम्मान नहीं, अपमान ही करते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा लखनऊ अग्निकांड के युवा मृतक की ‘दुखी माँ’ का सरेआम किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी। मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता है। ये हारेंगे और बुरी तरह हारेंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव हों या हाल के 2026 के विधानपरिषद चुनाव दोनों में बीजेपी की हार ने साबित कर दिया है कि अब जनता के बीच इनके जुमलों का गु्ब्बारा फूट गया है। बीजेपी तेल की फिसलन की ढलान पर है।

अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!

अखिलेश ने लिखा कि जनता अब इनको हमेशा के लिए हराने के ‘मूड’ में है, इसीलिए बीजेपी से जुड़ा हर राजनीतिक व्यक्ति या तो जनाक्रोश से डरकर राजनीति छोड़ रहा है या दूसरी राजनीतिक पार्टियों के पहले दो विकल्पों में करबद्ध अपनी जगह तलाश रहा है। अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!

अखिलेश यादव के वीडियो में क्या है?

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में दो वीडियो भी शेयर किया है। यह वीडियो अयोध्या दीपोत्सव का बताया जा रहा है, जिसका आयोजन छोटी दिवाली यानी शनिवार को अयोध्या के सरयू तट पर किया गया था। इस दौरान 30 लाख दीए जलाने का रिकॉर्ड बनाया गया। दीपोत्सव के बाद दीयों से सरसों तेल बटोर रही गरीब घरों की महिलाओं और बच्चों की कुछ लोग बेंत और छड़ी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों के गले में आयोजन से जुड़ा आई कार्ड भी लटकता दिखाई दे रहा है।

गरीब घरों के लोगों द्वारा इस तरह से तेल लेने और पिटाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसे लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ज्यादातर लोग इस तरह से महिलाओं और बच्चों को तेल लेने से रोकने और पिटाई पर आक्रोश जताते दिखाई दे रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए