
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बताया कि हमने राष्ट्रपति को देश में वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार की कारस्तानियों के बारे में बताया। उन्होंने हमारी पूरी बात सुनी और हमसे वोट चोरी के सबूत मांगे, जो हम जल्दी ही उन्हें सौपेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "हमारे गठबंधन के दलों के नेता राष्ट्रपति से मिले और एक मेमोरेंडम दिया। हम खास तौर पर राष्ट्रपति को वोट चोरी को लेकर चार दिन पहले शुरू किए गए हमारे आंदोलन के बारे में बताने गए थे, और हमने अपना केस पूरी तरह से उनके सामने रखा। हमने वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार की बड़ी गलती के मुद्दे को हाईलाइट किया। हमने मांग की कि ईवीएम को हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।
खड़गे ने आगे बताया, इसके अलावा, राष्ट्रपति ने वोट चोरी के मामलों के बारे में सबूत मांगे। हम अभी ये सबूत इकट्ठा कर रहे हैं और उन्हें जमा करेंगे। हम दूसरी सभी जरूरी जानकारी भी देंगे। सबसे बढ़कर, हमने इस बात पर बात की कि पीएम मोदी और अमित शाह देश के लोकतंत्र को खत्म करने पर तुले हुए हैं और उस दिशा में एक्टिवली कदम उठा रहे हैं। उन्होंने ध्यान से सुना और कहा कि वह मामले की पूरी तरह से जांच करेंगी, संबंधित पार्टियों से सलाह लेंगी, और सही एक्शन तय करेंगी। हम संतुष्ट होकर आए हैं क्योंकि उन्होंने पहली बार अपनी आवाज हमारे साथ मिलाई है।"
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "हमने राष्ट्रपति के साथ मीटिंग की। एक तरह से, मैं हैरान था, क्योंकि जब हमने भारत के राष्ट्रपति को चुनाव चोरी और वोट चोरी के बारे में बताया, तो उन्होंने इससे इनकार नहीं किया। भारत के राष्ट्रपति ने यह नहीं कहा कि भारत में चुनाव चोरी नहीं हो रही है। इसके उलट, राष्ट्रपति ने हमसे कहा कि सबूत उनके पास लाओ। और यह पूरा ग्रुप, बहुत खुशी के साथ, हमारे इकट्ठा किए गए सभी सबूत राष्ट्रपति के पास लाने के लिए तैयार है। पूरा देश जानता है, स्टूडेंट्स जानते हैं, कि देश में वोट चोरी हो रही है। नरेंद्र मोदी इसके आर्किटेक्ट हैं, जबकि अमित शाह और ज्ञानेश कुमार इसे लागू करने वाले हैं।
राहुल गांधी ने कहा, "खास बात यह है कि मुझे उम्मीद थी कि भारत की राष्ट्रपति इस बात से इनकार करेंगी कि 'वोट चोरी' हो रही है। मुझे उम्मीद थी कि वह कहेंगी कि भारत में एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली है। मैं हैरान और दंग रह गया कि भारत की राष्ट्रपति ने हमारी बात मान ली।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा, "हमने एक मेमोरेंडम दिया है। हमने पॉजिटिव नज़रिए से देखा है कि उन्होंने कहा कि वह जांच करेंगी, वह डिटेल्स देखेंगी, और उन्हें सबूत चाहिए। उन्होंने हमें भेजने के लिए कहा है, जो हमने कहा कि हम भेजेंगे। हमने कहा कि देश बहुत चिंतित है, और आपको, संविधान के कस्टोडियन के तौर पर, ठीक से ध्यान रखना चाहिए ताकि डेमोक्रेसी बनी रहे। उन्होंने जवाब दिया कि वह जांच करेंगी। इंडिया अलायंस एक साथ है। हम बहुत मज़बूत हैं, और हम 60 प्रतिशत से ज़्यादा लोगों को रिप्रेजेंट करते हैं। वह बहुत पॉज़िटिव हैं, और उन्होंने जवाब दिया कि वह इन्वेस्टिगेट करेंगी।"
ममता बनर्जी ने आगे कहा, "जिस तरह से इन लोगों ने लोगों के नाम हटाए हैं, हमारे राज्य से भी लाखों नाम हटाए गए... मैं पहली व्यक्ति हूं जिसने सुप्रीम कोर्ट में यह मुद्दा उठायाष भारत चाहता है कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।"
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद में एक बैठक की और फिर वहां से राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च किया। नेताओं ने एक बड़ा बैनर ले रखा था, जिस पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ लिखा हुआ था। हालांकि पुलिस ने विजय चौक पर ही उन्हें रोक दिया। यहां से 10 नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात करने रवाना हो गया। इसके बाद बाकी विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए और ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और वोट चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे लगाने लगे।
इससे पहले, विपक्षी नेताओं ने संसद के संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक की और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने और ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी रणनीति पर मंथन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी ने सभी साथी सांसदों को संबोधित भी किया।
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई.टी. मोहम्मद बशीर, सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी, सीपीआई महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह नदवी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल और कई अन्य नेता मौजूद थे।
शिवसेना (यूबीटी) ने खड़गे को पहले ही पत्र लिखकर बता दिया था कि महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनावों से संबंधित पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण उसका कोई प्रतिनिधि राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विपक्षी प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं हो सकेगा। हालांकि, पार्टी ने खड़गे के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन और राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान को पूर्ण समर्थन देने की बात कही है।
विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए पहली बार दो अक्टूबर को अनुरोध भेजा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था।
‘इंडिया’ गठबंधन ने पिछले सप्ताह एसआईआर के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था। विपक्षी दल पिछले चार दिन से अलग-अलग तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए