हालात

INDIA गठबंधन की महारैली: राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे और जेल जाएंगे, मोदी-शाह के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है।

फोटो: PTI
फोटो: PTI Karma Bhutia

राहुल गांधी का अब तक का सबसे बड़ा हमला, 'देशद्रोह के लिए जेल जाएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त'

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा वार, 'पद से हटेंगे और सलाखों के पीछे जाएंगे'

रामलीला मैदान से राहुल गांधी की खुली चेतावनी, मोदी और अमित शाह को भुगतनी होगी कानूनी कार्रवाई

ज्ञानेश कुमार पर तीखा तंज, 'अगर वे न होते, तो मोदी प्रधानमंत्री और शाह गृह मंत्री नहीं बनते'

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘देशद्रोह’ के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और शाह के सामने खड़ा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।’’

उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीन प्रतिशत था और अब निर्वाचन आयोग की बात से यह साबित हो गया है कि वह चुनाव ‘चोरी का चुनाव और अवैध चुनाव’ था।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के बिना इस बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई सामान्य चोरी नहीं है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है, हर नागरिक की अभिव्यक्ति की चोरी है। इसे कानूनी भाषा में दुर्लभतम मामला कहते हैं, इसे देशद्रोह कहते हैं।’’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश का सारा धन उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी के हाथों में जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां केवल दो-तीन लोगों के हितों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा, ‘‘ देश को पटरी पर लाने के लिए पहला कदम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करना है। इसके बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा।’’

राहुल गांधी ने कहा कि अडानी को देश बेचने के आरोपों को लेकर भी मोदी और अमित शाह से जवाब मांगा जाएगा और उसको लेकर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह बचकर नहीं भाग सकते और देश उनसे न्याय मांगेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘शिव की बारात’ में कोई भी शामिल हो सकता है।

उन्होंने कहा कि वह ऐसे भारत की कल्पना करते हैं, जहां किसानों को उनकी मेहनत का फल मिले, छात्रों को रोजगार और उनकी मेहनत का उचित परिणाम मिले।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • INDIA ब्लॉक की रैली LIVE: राहुल गांधी बोले- सालों से वोट चोरी हो रही है, लोकतंत्र को हिंदुस्तान से खत्म नहीं होने देंगे'

  • ,
  • 'देश में चोरी की सरकार', रामलीला मैदान में खड़गे बोले- मोदी सत्ता से जाएंगे तभी लोकतंत्र बचेगा

  • ,
  • 'मोदी सरकार दो नंबरी और मोदी जी 10 नंबरी प्रधानमंत्री', तेजस्वी बोले- ज्ञानेश कुमार पर चलना चाहिए देशद्रोह का मुकदमा

  • ,
  • रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली, नेताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार को लेकर मोदी सरकार को घेरा

  • ,
  • 'BJP ने जबरदस्ती बंद करवाईं कनॉट प्लेस की दुकानें', राहुल गांधी ने पूछा- व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है?