हालात

'जेडीयू अब जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है', तेजस्वी फिर बोले- बीजेपी नीतीश की पार्टी को खत्म करना चाहती है

तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि अगर नीतीश कुमार सचेत अवस्था में होते तो वे इंडिया गठबंधन और महागठबंधन के साथ रहते। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं और अधिकारियों ने अपने स्वार्थ और जांच से बचने के लिए नीतीश कुमार को बीजेपी के हवाले कर दिया।

'जेडीयू अब जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है', तेजस्वी फिर बोले- बीजेपी नीतीश की पार्टी को खत्म करना चाहती है
'जेडीयू अब जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है', तेजस्वी फिर बोले- बीजेपी नीतीश की पार्टी को खत्म करना चाहती है फोटोः IANS

तेजस्वी यादव ने जेडीयू में जारी गुटबाजी को लेकर केंद्र और बीजेपी पर निशाना साधा

जेडीयू अब जनता दल यूनाइटेड नहीं रह गई है, जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है

बीजेपी जेडीयू को खत्म करना चाहती है, मौजूदा घटनाक्रम उसी दिशा में बढ़ रहा है

तेजस्वी ने निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने पर भी सवाल उठाया

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को केंद्र सरकार और बीजेपी पर हमला बोलते हुए जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में जारी कथित गुटबाजी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जेडीयू अब जनता दल यूनाइटेड नहीं रह गई है, बल्कि जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जेडीयू को खत्म करना चाहती है और पार्टी में मौजूदा घटनाक्रम उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

संजय और ललन नीतीश को बीजेपी में ले गए

तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने जो बातें कही थीं, आज वही सब देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया जाएगा और चुनाव के बाद जेडीयू खत्म हो जाएगी। आज पार्टी के भीतर आपसी खींचतान और गुटबाजी सामने आ रही है।

तेजस्वी ने कहा कि जब नीतीश कुमार अचेत अवस्था में थे, उस समय संजय झा और ललन सिंह जैसे नेता अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए उन्हें बीजेपी की तरफ लेकर चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने मंत्री पद, परिवार को राजनीतिक रूप से स्थापित करने, केंद्र सरकार में जगह, दिल्ली में बड़ा बंगला और सुरक्षा जैसी सुविधाओं के लिए यह सब किया। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों की अगली राजनीतिक डील जेडीयू को खत्म करने की थी।

निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया

तेजस्वी ने कहा कि जेडीयू दूसरी पार्टी है, इसलिए वे इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन राजनीतिक लोग राजनीतिक भाषा और राजनीतिक गतिविधियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते बीजेपी को उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उपमुख्यमंत्री पद भी ऐसे लोगों को मिला, जो मलाई खाने में लगे हैं।

तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि अगर नीतीश कुमार सचेत अवस्था में होते तो वे इंडिया गठबंधन और महागठबंधन के साथ रहते। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं और अधिकारियों ने अपने स्वार्थ और जांच से बचने के लिए नीतीश कुमार को बीजेपी के हवाले कर दिया।

ईडी का काम विपक्षी नेताओं के पीछे लगे रहना

वहीं, आरजेडी नेता सुनील सिंह को भ्रष्टाचार के एक मामले में ईडी द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि ईडी का काम विपक्षी नेताओं के पीछे लगे रहना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। ये संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय राजनीतिक एजेंडे पर काम कर रही हैं।

तेजस्वी ने कहा कि जनादेश की चोरी को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार तमाम कोशिशें कर रही है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। अंत में उन्होंने अशोक चौधरी का मामला उठाते हुए कहा कि इतने बड़े फ्रॉड के आरोपों को भी नहीं भूलना चाहिए।