हालात

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, राजनीतिक हलकों में शोक की लहर

रूपी सोरेन का विवाह एक जनवरी 1962 को शिबू सोरेन के साथ हुआ था। रूपी सोरेन ने 1999 में अविभाजित बिहार की दुमका लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी से पांच हजार से कम मतों के अंतर से हार गई थीं।

एक पुरानी फोटो में हेमंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन के साथ
एक पुरानी फोटो में हेमंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन के साथ फोटोः सोशल मीडिया

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ दीपक गुप्ता और डॉ उज्जवल राय ने दी। वह करीब 80 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं

रूपी सोरेन पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं। हाल के दिनों में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। सितंबर में उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका हैदराबाद में भी इलाज कराया गया था। रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत में कई बार गिरावट आई और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा।

राहुल गांधी ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया

हिल व्यू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. नितेश प्रिय ने बताया कि रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं और बुधवार को वेंटिलेटर पर रखा गया था। बुधवार को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय समेत अन्य चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे थे। बुधवार शाम उनकी हालत और बिगड़ गई, और बाद में चिकित्सकों ने उनके निधन की पुष्टि की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी की माताजी रूपी सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ हैं।

हेमंत सोरेन ने बुधवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए

रूपी सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार के अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। राज्य मंत्रिपरिषद की बुधवार शाम प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके अस्पताल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेता भी वहां पहुंचे थे।

जनवरी 1962 में शिबू सोरेन के साथ विवाह हुआ था

रूपी सोरेन का विवाह एक जनवरी 1962 को शिबू सोरेन के साथ हुआ था। विवाह के बाद वह लगातार शिबू सोरेन के साथ रहीं। शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में थे। वह झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री भी रहे। शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हुआ था।

रूपी सोरेन ने 1999 में अविभाजित बिहार की दुमका लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी से पांच हजार से कम मतों के अंतर से हार गई थीं। इस वर्ष वह राष्ट्रपति भवन में शिबू सोरेन को मरणोपरांत प्रदान किए गए पद्म भूषण को उनकी ओर से प्राप्त करने के लिए दिल्ली पहुंची थीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्हीलचेयर पर पहुंचीं रूपी सोरेन को मंच से नीचे उतरकर सम्मान प्रदान किया था। वह हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में भी शामिल हुई थीं।

राज्य के राजनीतिक हलके में शोक की लहर

पति के निधन के बाद रूपी सोरेन परिवार के साथ रहीं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के राजनीतिक परिवार की वरिष्ठ सदस्य के रूप में उनकी उपस्थिति बनी रहीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिकित्सकों से जानकारी लेते रहे थे। रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए