
झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ। सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रोतहट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल से श्रद्धालुओं का एक जत्था देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान सतगावां के पोखरडीहा मोड़ के पास सफारी ट्रेवल्स की बस की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के भीतर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार भी शामिल है। बाकी दो मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे में 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं और इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को तत्काल सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाने के साथ सड़क पर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह की पूरी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। श्रावणी यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए