हालात

रांची: छात्रों ने 2 महीने के लिए स्थगित किया आंदोलन, परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI जांच के लिए सरकार को दिया अल्टीमेटम

सरकार के एक्शन के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

झारखंड की राजधानी रांची में जारी आंदोलन को छात्रों फिलहाल दो महीने के लिए स्थगित कर दिया है। राज्य सरकार को आंदोलनकारी छात्रों ने 60 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। छात्रों ने कहा कि इस अवधि में परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच शुरू नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

राज्य सरकार ने सीआईडी की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर 22 परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार के आदेश के अनुसार, 6 परीक्षाओं की प्रक्रिया स्थगित की गई है, जबकि 17 परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच की जाएगी।

सरकार के एक्शन के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच है। आंदोलनकारी छात्रों ने प्रदेश सरकार को 60 दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो फिर से आंदोलन शुरू करेंगे।

रांची के जेपीएससी स्टेडियम में 25 जुलाई से छात्र आंदोलन कर रहे थे। छात्र टीडीपीएल के जरिए कराई गई जेएसएससी-सीजीएल और अन्य सभी भर्ती परीक्षाएं और उनके परिणाम पूरी तरह रद्द करने की मांग कर रहे थे।

साल 2014 के बाद से हुई भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ियों की उच्च स्तरीय जांच की मांग, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और 14वीं JPSC परीक्षा और बकाया परीक्षाएं भी रद्द करने समेत अन्य मांगें थीं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए