हालात

झोटा हत्याकांड: आज पंजाब बंद का ऐलान, हाईवे जाम, सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को छूट, डीजीपी की बर्खास्तगी की मांग

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है, जिसे एसजीपीसी समेत कई संगठनों का समर्थन मिला है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में गुरुवार, 15 अक्टूबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक बुलाए गए बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), किसान संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग सीबीआई जांच, मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव की जवाबदेही तय करना है। झोटा के परिवार ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

SGPC के कार्यालय और संस्थान भी बंद

झोटा हत्याकांड के विरोध में एसजीपीसी ने भी पंजाब बंद का समर्थन किया है। कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों के साथ संस्था मजबूती से खड़ी है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

धामी ने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या गंभीर मामला है। उन्होंने सरकार से नशा तस्करी पर रोक लगाने और ऐसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। बंद के दौरान एसजीपीसी के कार्यालय और उसके अधीन आने वाले संस्थान बंद रखने की घोषणा की गई है।

सुबह 6 से शाम 5 बजे तक बंद, जरूरी सेवाओं को छूट

संघर्ष कमेटी और अकाली दल वारिस पंजाब दे ने लोगों से बंद को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने की अपील की है। बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने तथा यातायात रोकने का आह्वान किया गया है। हालांकि, अस्पतालों, दवाइयों की दुकानों और अन्य जरूरी सेवाओं को बंद से छूट देने की बात कही गई है।

अकाली दल वारिस पंजाब दे ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे दुकानदारों और राहगीरों के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार न करें। किसी पर जबरन दुकान बंद कराने का दबाव न बनाया जाए और प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखी जाए। लोगों से आवश्यक सेवाओं और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखने को भी कहा गया है।

डीजीपी की बर्खास्तगी तक धरना जारी रखने का ऐलान

संघर्ष कमेटी के नेता एडवोकेट गुरलाभ सिंह महल ने कहा है कि डीजीपी की बर्खास्तगी और अन्य मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। झोटा के पिता भीम सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे के साथ मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है।

परिवार का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले उनके बेटे की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पिता ने लोगों से न्याय की इस लड़ाई में एकजुट होकर साथ देने की अपील की है।

मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, दो अन्य भी हिरासत में

पुलिस के मुताबिक, परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। इस संबंध में मानसा सिटी-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, झोटा की मंगलवार को मानसा में नशीले पदार्थों की कथित बिक्री का विरोध करने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय फेसबुक लाइव चल रहा था। गोलीबारी में उनके साथी भी घायल हुए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आरोपी के मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ व आगजनी की घटना सामने आई। प्रशासन ने आरोपी के घर के एक हिस्से को भी गिराया, जिसके लिए अनधिकृत निर्माण का हवाला दिया गया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: परविंदर झोटा हत्याकांड को लेकर आज पंजाब बंद का ऐलान, अंकिता भंडारी के पिता बोले- देशभर में होगा आंदोलन

  • ,
  • अंकिता भंडारी हत्याकांड: परिवार का इंडिया गेट पर रातभर धरना, हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने छोड़ा, पिता बोले- देशभर में होगा आंदोलन

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: अंकिता भंडारी के माता-पिता से इंडिया गेट पर मिले राहुल-प्रियंका गांधी, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति का विरोध तेज

  • ,
  • अखिलेश का बागी विधायकों पर तंज, बोले- वर्षों बाद भी सदस्यता की पर्ची से ज्यादा कुछ नहीं मिला

  • ,
  • 'जनता के दबाव से निकलेगा नतीजा, अगले 2 महीने का प्लान तैयार'