हालात

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ में अब तक 19 की मौत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान, हादसे की जांच के आदेश

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 लोग घायल हुए हैं। राज्य सरकार ने मुआवजे और नौकरी का ऐलान किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत, 25 घायल।

  • राज्यय सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2.5 लाख रुपये और एक नौकरी देने का ऐलान किया।

  • घायलों का पूरा मेडिकल खर्च सरकार उठाएगी और उन्हें 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा देगी।

  • केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में उत्तर कोलकाता स्थित चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। राज्य सरकार ने रविवार को मृतकों के परिजनों को 2.5 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देने का ऐलान किया। सरकार घायलों का 100 प्रतिशत मेडिकल खर्च उठाएगी और उन्हें 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी देगी। वहीं केंद्र सरकार ने भी मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

मृतकों के परिजनों को 2.5 लाख और नौकरी

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 19 लोगों में से 17 की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। उन्होंने कहा कि वह अब तक 13 पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने परिवारों को भरोसा दिया कि राज्य सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रत्येक मृतक के परिवार को 2.5 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी दी जाएगी। वहीं, घायलों का 100 प्रतिशत चिकित्सा खर्च सरकार उठाएगी और उन्हें 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी दिया जाएगा। हादसे में घायल 25 लोगों में से 24 की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

एग्जिट गेट का हिस्सा गिरने के बाद मची अफरा-तफरी

बताया गया कि शनिवार को चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में निकास द्वार का एक हिस्सा गिरने के बाद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हुई, जिसमें 19 लोगों की जान चली गई और 25 लोग घायल हो गए।

केंद्र सरकार ने भी किया मुआवजे का ऐलान

केंद्र सरकार ने कोलकाता भगदड़ की घटना को दुखद बताते हुए जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए