
इटली में कोरोना वायरस से मौतों का रिकॉर्ड आंकड़ा सामने आया है। एएफपी न्यूज एजेंसी के मुताबिक इटली में मंगलवार को743 लोगों की मौत हुई है
देश भर में 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद केंद्र सरकार ने एनपीआर और जनसंख्या गणना के पहले चरण को फिलहाल स्थगित करने का ऐलान किया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि घबराकर खरीदारी न करें। उन्होंने कहा है कि सभी जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी और किसी चीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। गौरतलब है कि 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा के बाद लोग पैनिक बाइंग कर रहे हैं।
पीएम मोदी द्वारा 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन के ऐलान के बाद गृह मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी कर बताया है कि इस दौरान सरकारी और निजी दफ्तर बंद रहेंगे, लेकिन पुलिस, पेट्रोल पंप, बिजली, पानी और गैस सेवा जारी रहेगी। इस दौरान राशन की दुकानें, सब्जी और फलों की दुकानें और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे।
आज रात 12 बजे से पूरे देश में लॉकडाउन को देखते हुए पुड्डुचेरी के सीएम वी नारायणस्वामी ने ऐलान किया है कि कल पुडुचेरी में आवश्यक वस्तुओं की सभी दुकानें खोली जाएंगी। साथ ही उन्होंने गरीबों को राहत के तौर पर राशन कार्ड रखने वाले प्रत्येक परिवार को 2000 रुपये देने का भी ऐलान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करते हुए ऐलान किया है कि आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होगा। उन्होंने कहा कि ये लॉकडाउन कर्फ्यू की तरह ही होगा। हालांकि इस दौरान पीएम मोदी ने उन गरीबों-मजदूरों के राहत के लिए कोई घोषणा नहीं की, जो रोज की दिहाड़ी पर जीते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से प्रसार को रोकने के लिए 15000 करोड़ रुपये के आवंटन का ऐलान किया है। ये रकम जांच सुविधाओं, आईसीयू, वेटिलेटर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की ट्रेनिंग पर खर्च की जाएगी।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पीएम मोदी ने आज रात से 21 दिन तक पूरे देश में पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जो जहां है, वहीं रुक जाए। किसी भी हाल में घर से बाहर निकलने से बचें। पीएम ने कहा यदि हम आगामी 21 दिन देशव्यापी पूर्ण लॉकडाउन का पालन करने में सक्षम नहीं हुए, तो हम 21 साल पीछे चले जाएंगे।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अगले 21 दिन तक देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए देशवासी 21 दिनों तक बाहर निकलना भूल जाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करते हुए ऐलान किया है कि आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होगा। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए ये बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये लॉकडाउन कर्फ्यू की तरह ही होगा।
एम्स के रेजीडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कोरोना पीड़ितों का इलाज कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों को घर से निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से बात कर उन मकान मालिकों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई करने को कहा है जो कोरोना के मरीज़ों का इलाज करने वाले डॉक्टरों और नर्सों से मकान खाली करने को कह रहे हैं।
गौतमबुद्ध नगर की एक ऊंची इमारतों वाली सोसायटी के एक निवासी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सोसायटी को तीन दिन के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। नोएडा के सेक्टर-137 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम काउंटी के एक निवासी में कोविड-19 परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद यह प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
AIFF (ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन) दिल की बीमारी से असम के गुवाहाटी में अब्दुल लतीफ़ के निधन पर शोक व्यक्त करता है। मिडफील्डर लतीफ भारत के 1970 कांस्य पदक जीतने वाले बैंकॉक एशियाई खेल दस्ते का हिस्सा थे।
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति: ओलंपिक की मशाल जापान में रहेगी और खेलों का नाम ओलंपिक और पैरालंपिक खेल टोक्यो 2020 ही होगा।
माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला की पत्नी अनुपमा वेणुगोपाल नडेला ने राज्य में कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान गरीबों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए तेलंगाना सरकार को 2 करोड़ रुपये दिए। उनके पिता के.आर. वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री को चेक सौंपा।
पीएम कार्यालय जापान: अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक के साथ PM की टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद। PM शिंजो ने प्रेस से बात की और बताया कि दोनों इस बात पर सहमत हुए हैं कि टोक्यो ओलंपिक खेलों को रद्द नहीं किया जाएगा। खेल 2021 की गर्मियों तक आयोजित किए जाएंगे।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कोरोना वायरस के 6 नए मामले सामने आए हैं, 5 मामले मुंबई के हैं और 1 अहमदनगर का। कुल मामलों की संख्या बढ़कर 107 हुई
स्वास्थ्य विभाग पंजाब ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 6 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना से 1 व्यक्ति की मौत को मिलाकर कुल पॉजिटिव मामले 29 हैं।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोना वायारस के कारण ओलंपिक को एक साल के लिए स्थगित करने की मांग की है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपने घरों से हेल्थकेयर प्रोफेशनल के निष्कासन और परिवहन सुविधा के सही प्रावधान के खिलाफ उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का कार्यालय ने बताया कि हाल के दिनों में पंजाब में 94000 से अधिक NRI और विदेशी वापस आए हैं। उनमें से बहुत से लोगों को ट्रैक किया गया है और लगभग 30,000 लोगों को आइसोलेट किया गया है। अन्य लोगों का पता लगाने के लिए कोशिशें जारी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, “पश्चिमी दिल्ली में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले कुल 77 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईर दर्ज की गई है। 674 लोगों को हिरासत में लिया है और 66 वाहनों को जब्त किया गया है।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीते 40 घंटे में कोरोना वायरस का एक भी मरीज सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा, “आज मैंने 5 बड़े डॉक्टरों की एक टीम बनाई है वो मुझे 24 घंटों में पूरी योजना बनाकर देंगे कि अगर दिल्ली स्टेज 3 में जाती है तो क्या हम उसके लिए तैयार हैं? हमें उसके लिए क्या-क्या करने की जरूरत है।”
कोरोना संकट के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के जिला कमेटी और शहर अध्यक्षों के नाम एक पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में पार्टी नेताओं से अपील की है कि वह कोरोना वायरस की चुनौतियों से जनता के साथ मिलकर लड़ें। उन्होंने पार्टी के नेताओं से कई सुझाव भी दिए हैं। प्रियंका गांधी ने क्रमवार तरीके से पार्टी के नेताओं को कोरोना की चुनौती से निपटने की सलाह दी है।
राहुल गांधी ने जनता के नाम एक पत्र लिखा है। पत्र उन्होंने लोगों से कोरोना वायरस के साथ मजबूती से लड़ने की अपील की है। उन्होंने पत्र में कहा कि मैं आप से अपील करता हूं कि घर पर रहे हैं, बाजार में न निकलें। उन्होंने कहा है खुद को आइसोलेट कर लें, एक दूसरे के संपर्क में न आएं।
उत्तराखंड हाई कोर्ट ने कोरोना वायरस के खतरे की वजह से राज्य की सभी अदालतों को 4 अप्रैल तक बंद करने के निर्देश दिए। आपातकालीन मामलों में जिला जज ले सकते हैं ऐक्शन लेने का फैसला।
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस से पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्य सरकारों को कहा है कि वे अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं जैसे अस्पतालों,क्लिनिकल लैब,आइसोलेशन वार्ड को तैयार करने और मौजूदा सुविधाओं का विस्तार करने और बेहतर बनाने
के लिए राजकोषीय संसाधनों का इस्तेमाल करें।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस को देखते हुए प्रदेश में आज शाम 5 बजे से अगले आदेश तक कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, “महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 106 हो गए हैं। राज्य में अब तक 3 लोगों की मौत हुई है।”
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस से पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्य सरकारों को कहा है कि वे अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं जैसे अस्पतालों, क्लिनिकल लैब, आइसोलेशन वार्ड को तैयार करने और मौजूदा सुविधाओं का विस्तार करने और बेहतर बनाने
के लिए राजकोषीय संसाधनों का इस्तेमाल करें।
कोरोना वायरस के खतरे को देखते पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी राज्य को लॉकडाउन करने का ऐलान कर दिया है। आज शाम 5 बजे से 31 मार्च तक यह लॉकडाउन जारी रहेगा।
सबका विश्वास योजना अप्रत्यक्ष करों से जुड़े मामलों के लिए थी, इसकी आखिरी तारीख 31 मार्च थी, इसकी मीयाद भी बढ़ाकर अब 30 जून कर दी गई है। इस अवधि में किसी पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। वहीं, लॉकडाउन की अवधि में किसी एक्सपोर्टर-इम्पोर्टर को दिक्कत न हो, इसके लिए कस्टम क्लीयरेंस का काम 30 जून तक 24 घंटे होगा।
देश में कोरोना संकट पर प्रेस से बात कर रही हैं वित्त मंत्री। कोरोना वायरस संकट को देखते हुए इनकम टैक्स भरने की तारीख सरकार ने बढ़ा दी है। अब लोग 30 जून तक अनपी इनकम टैक्स भर सकते हैं।
कोरोना संकट के चलते सरकार ने किए ये बड़े बदलाव:
श्रीनगर में रिहा होने के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मुझे एहसास है कि हम जीवन और मृत्यु की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारे सभी लोग जिन्हें हिरासत में लिया गया है, उन्हें इस समय रिहा किया जाना चाहिए। हमें कोरोन वायरस से लड़ने के लिए सरकार के आदेशों का पालन करना चाहिए।”
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला को हिरासत से रिहा कर दिया है। उन्हें श्रीनगर में छोड़ दिया गया है। सात महीने बाद उनकी रिहाई हुई है।
उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन 25 मार्च से बढ़ाकर 27 मार्च तक कर दिया गया है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है। राज्य में फिलहाल लॉकडाउन जारी है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “कोरोना लॉकडाउन मद्देनजर सरकार मदद करने के लिए एक आर्थिक पैकेज की घोषणा के लिए तैयार है। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मैं आज दोपहर 2 बजे मीडिया को संबोधित करूंगी। विशेष रूप से वैधानिक और विनियामक अनुपालन मामलों पर।”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल सभी संभावित कोरोना वायरस रोगियों पर नजर रखे हुए है। सामुदायिक निगरानी के माध्यम से देश के 1,87,000 से अधिक लोगों की निगरानी की जा रही है।”
राहुल गांधी ने कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने के लिए मोदी सरकार द्वारा ठीक से तैयारी नहीं दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं दुखी महसूस कर रहा हूं, इसे रोका जा सकता था।
महाराष्ट्र गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, “पुलिस ने अंधेरी और भिवंडी के गोदामों से 25 लाख मास्क जब्त किए हैं, जिसमें कुल 15 करोड़ रुपये के 3 लाख N-95 मास्क शामिल हैं। 4 लोगों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 फरार हैं।”
पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए नोएडा बॉर्डर पर अलग लेन की सुविधा दी गई है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में 24 घंटे के भीतर कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि अब तक कोरोना वायरस के पांच मरीजों को इलाज के बाद रिहा कर दिया गया है। केजरीवाल ने अपील की कि इस लड़ाई में सभी साथ दें।
आज रात 8 बजे एक बार फिर देश को पीएम मोदी संबोधित करेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण बातें देशवासियों के साथ साझा करूंगा। आज, 24 मार्च रात 8 बजे देश को संबोधित करूंगा।”
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर अनौपचारिक क्षेत्र में श्रमिकों को तत्काल सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की हिरासत को खत्म कर दिया गया है। मंगलवार को राज्य सरकार ने उमर अब्दुल्ला की रिहाई का आदेश जारी किया है। सात महीने बाद उमर अब्दुल्ला रिहा होंगे। उन्हें पीएसए के तहत हिरासत में रखा गया था। इससे पहले उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला को रिहा किया गया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उत्तर प्रदेश से दिल्ली के अंदर वाहनों के आने पर पुलिस ने रोक लगा दी है। दिल्ली-गाजिया बाद बॉर्डर पर पुलिस वाहनों को रोक रही है। दिल्ली में लॉकडाउन के चलते पुलिस ने यह फैसला लिया है।
कोरोना वायरस संकट के बीच तमिलनाडु सरकार ने में राशन कार्ड धारियों को 1-1 हजार रुपये देने का सरकार ने फैसला लिया है। इसके अलावा सरकार लोगों क मुफ्त चावल और चीनी के साथ दूसरे जरूरी सामान भी सरकार मुहैया कराएगी।
गुजरात की मुख्य सचिव जयंती रवि ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आ है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कोरोना वयरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।
दिल्ली के शाहीन बाग में सीएए प्रदर्शन स्थल के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। कोरोना वायरस और लॉकडाउन का हवाला देते हुए पुलिस ने सुबह प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया था। इलाके में बड़ी संख्या सुरक्षा बल तैनात हैं।
दिल्ली लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 900 लोगों पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा घर में ही रहें।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कुल पॉजिटिव कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर 101 हो गई, जिसमें पुणे से 3 और सतारा से 1 नया मामला सामने आया है।
दिल्ली में जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के बाहर भी सीएए प्रदर्शन स्थल को पुलिस ने खाली करा दिया है। हालांकि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए जामिया के गेट नंबर 7 पर सीएए प्रदर्शन को अस्थाई रूप से 21 मार्च को ही स्थगित कर दिया गया था।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए लॉक डाउन के बीच जरूरी सामान बेचने वाली दुकानें खुलीं।
दिल्ली के पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने कहा, “ मैं लोगों से घर पर रहने की अपील करता हूं। इस संबंध में किसी भी आंदोलन या लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट दी गई है। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
केरल के एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर एस सुहास ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए, जिले में धारा 144 लागू करने का आदेश जारी किया है।
देश में घरेलू उड़ानें रद्द किए जाने के विरोध में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कश्मीरी छात्रों ने प्रदर्शन किया। एक छात्र ने कहा कि हमने 27 और 28 मार्च को निर्धारित उड़ानों के लिए कश्मीर के लिए टिकट बुक किए है। अब यह आदेश जारी किया गया है। अब हम क्या करेंगे?
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पूरे महाराष्ट्र में कर्फ्यू लगाया गया है। बावजूद इसके कुछ लोगों ने नागपुर में मॉर्निंग वॉक किया।
दिल्ली में लॉकडाउन को देखते हुए कनॉट प्लेस के पास हनुमान मंदिर को बंद कर दिया गया है। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूरी दिल्ली को लॉकडाउन किया गया है।
दिल्ली के शाहीन बाग प्रदर्शन स्थल को खाली कराए जाने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। वहीं, जो प्रदर्शनकारी प्रदर्शन स्थल को खाली करने का विरोध कर रहे थे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
दिल्ली में लॉकडाउन के बीच दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग में बैठे प्रदर्शनकारियों को हटा दिया है। शाहीन बाग में लगे टेंट-तख्तों को भी हटा दिया गया है। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। शाहीन बाग में 15 दिसंबर 2019 से नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा था।
दिल्ली में लॉकडाउन के बीच कापसहेड़ा बॉर्डर पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही है। जरूरी वहानों को ही जाने दिया जा रहा है। पुलिस दिल्ली में सख्ती से लॉकडाउन को लागू करने की कोशिश कर रही है।
पंजाब के अमृतसर में सुबह-सुबह जरूरी सामान खरीदने के लिए लोग घरों से बाहर निकले हैं। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सरकार ने पूरे राज्य में सोमवार को कर्फ्यू का ऐलान किया था।
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के देखते हुए 30 राज्यों को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है। इसके तहत देश के 548 जिले लॉकडाउन कर दिए गए हैं। देश भर में कोरोना वायरस के अब तक 470 मामले आ चुके हैं। वहीं, 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 Mar 2020, 7:55 AM IST