हालात

बड़ी खबर LIVE: तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़, बच्चों समेत 31 लोगों की मौत, 58 से ज्यादा लोग घायल

तमिलनाडु के करूर में टीवीके प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ मचने के कारण कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में बच्चों सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 58 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

अमेरिका ने कोलंबिया के राष्ट्रपति का वीज़ा रद्द किया

अमेरिका और कोलंबिया के बीच तनाव उस समय और बढ़ गया, जब अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की कि वह लैटिन अमेरिकी देश कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो का वीज़ा रद्द कर रहा है। यह फैसला न्यूयॉर्क में हुए एक प्रदर्शन के बाद लिया गया, जिसमें पेत्रो ने अमेरिकी सैनिकों से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश को न मानने की अपील की थी। विदेश विभाग ने सोशल मीडिया पर कहा, “हम पेत्रो का वीज़ा उनके लापरवाह और भड़काऊ कृत्यों के कारण रद्द करेंगे।”

पेत्रो संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक अधिवेशन में भाग लेने के लिए आए थे। शुक्रवार को गाज़ा युद्ध के खिलाफ पास में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा, “मैं अमेरिका की सेना के सभी सैनिकों से कहता हूं, अपनी बंदूकें मानवता पर न तानो” और ट्रंप के आदेशों की अवज्ञा करो।”

यह स्पष्ट नहीं है कि इस फैसले के चलते पेत्रो को अमेरिका से अपेक्षित समय से पहले लौटना पड़ा या नहीं। विदेश विभाग ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि वीज़ा रद्द होने से उनकी भविष्य की यात्राओं पर असर पड़ेगा या नहीं।

बरेली हिंसा के सिलसिले में मौलाना तौकीर रजा समेत 39 लोग गिरफ्तार

इत्तेहाद-ए-मिल्लत परिषद के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान समेत 39 लोगों को शुक्रवार को नमाज़ के बाद हुई हिंसक झड़पों के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार से अगले 48 घंटों के लिए बरेली में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है तथा फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब पर संदेश भेजे नहीं जा सकेंगे।

इस बीच, बरेली केंद्रीय कारागार-2 के सूत्रों ने बताया कि तौकीर रजा को फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया। बरेली केंद्रीय कारागार-2 को पूर्व में बरेली जिला जेल के नाम से जाना जाता था।

तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़, बच्चों समेत 31 लोगों की मौत, 58 से ज्यादा लोग घायल

तमिलनाडु के करूर में टीवीके प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ मचने के कारण कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में बच्चों सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 58 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी ने कहा, "अब तक भगदड़ में 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 58 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भगदड़ की घटना के बाद, मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले की जाँच की और ज़िला कलेक्टर, एसपी और मुझे अस्पताल पहुँचने का आदेश दिया। उन्होंने अतिरिक्त डॉक्टर बुलाने और उचित इलाज मुहैया कराने की सलाह दी... कल मुख्यमंत्री ख़ुद यहाँ आने वाले हैं। फ़िलहाल, 46 लोग निजी अस्पताल में और 12 लोग सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।"

युवा कांग्रेस ने पुणे में 'वोट चोरी' और बेरोज़गारी के मुद्दे पर रैली निकाली, सरकार को दी चेतावनी

युवा कांग्रेस ने पुणे में 'वोट चोरी' और बेरोज़गारी के मुद्दे पर रैली निकाली। महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस ने शनिवार को चुनावों में 'वोट चोरी' और 'बढ़ती' बेरोज़गारी के विरोध में पुणे में 'मशाल मोर्चा' निकाला और राज्य सरकार को चेतावनी दी कि अगर युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति, बच्चों समेत 10 लोगों की मौत की आशंका

तमिलनाडु के करूर में टीवीके प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के कारण कई लोग बेहोश हो गए। हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। अस्पतालों में अफरा-तफरी का माहौल है। विजय की तमिलनाडु में रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के कारण मारे गए लोगों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं। कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने के बाद, पुलिस ने विजय की रैली देखने के लिए जमा हुई भीड़ को खदेड़ने के लिए करूर में लाठीचार्ज किया। भारी भीड़ वाली रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के कारण बच्चों सहित कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की आशंका।

'आई लव मोहम्मद' विवाद के बीच बरेली में 48 घंटे के लिए टेलीकॉम सेवाएं निलंबित, नेट-SMS सेवा पूरी तरह बंद

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को देखते हुए गृह विभाग ने टेलीकॉम सेवाओं को 48 घंटे के लिए निलंबित करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर विवाद के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर लिया गया है। गृह विभाग के सचिव गौरव दयाल ने भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम 1885 की धारा 7 और टेलीकॉम सेवाओं के अस्थायी निलंबन नियम 2017 के तहत यह आदेश जारी किया। निलंबन शनिवार की देर रात 12:30 बजे से शुरू होकर सोमवार रात 12:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।

आदेश के अनुसार, बरेली जिले में सभी मोबाइल सेवा प्रदाताओं की एसएमएस सेवाएं और मोबाइल इंटरनेट/डेटा सेवाएं (ब्रॉडबैंड, एफटीटीएच, एडीएसएल, डीएसएल, वायरलेस सहित) पूरी तरह बंद रहेंगी। गृह विभाग ने अधिसूचना में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और यूट्यूब के जरिए चित्र, वीडियो और टेक्स्ट के प्रसार से भावनाएं भड़कने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। यह कदम जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए उठाया गया है ताकि जान-माल का नुकसान रोका जा सके।

गृह सचिव गौरव दयाल ने कहा, "सोशल मीडिया के दुरुपयोग से शांति भंग होने की आशंका है। इसलिए यह निलंबन जरूरी है।" बरेली पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और प्रमुख चौराहों पर भारी फोर्स तैनात की गई है। पुलिस अधीक्षक अनुराग शर्मा ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

यह पूरा विवाद कानपुर में बरावफात जुलूस के दौरान 'आई लव मोहम्मद' बैनर लगने से शुरू हुआ, जो बाद में बरेली, मुरादाबाद, रामपुर जैसे प्रदेश के अन्य जिलों में फैल गया। बरेली में शुक्रवार को नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए और 50 लोगों को हिरासत में लिया गया। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान सहित कई लोग गिरफ्तार हुए। अब हिंदू संगठनों ने जवाब में 'आई लव महादेव' और 'आई लव राम' जैसे पोस्टर लगाए, जिससे तनाव बढ़ने की आशंका है।

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप: ऊंची कूद खिलाड़ी शैलेश ने गोल्ड  जीतकर भारत का खाता खोला

शैलेश कुमार और वरुण सिंह भाटी ने शनिवार को पुरुषों की ऊंची कूद टी63-टी42 स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेजबान भारत का खाता खोला। पच्चीस वर्षीय शैलेश ने टी42 वर्ग में 1.91 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से चैंपियनशिप रिकॉर्ड और एशियाई रिकॉर्ड तोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। पैरा एशियाई खेलों के पूर्व पदक विजेता भाटी ने कांस्य पदक जीता जबकि मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अमेरिका के एज्रा फ्रेच ने रजत पदक हासिल किया।

NDA ने अति पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक समझा, लेकिन ये पावर बैंक हैंः तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "एनडीए के लोगों ने अति पिछड़ों को सिर्फ़ वोट बैंक समझा है। लेकिन ये वोट बैंक नहीं, बल्कि पावर बैंक हैं। ये लोग सिर्फ़ ठगने में लगे हैं। हमने पहले भी अति पिछड़ों के लिए योजनाओं की घोषणा की है।"

विस्मृत सर्कस कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बारिशा क्लब ने कोलकाता में ‘शून्यो पृथिबी’ दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किया

‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: बरेली के बाद बाराबंकी और मऊ में भी तनाव, पुलिस का कड़ा पहरा

बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बाराबंकी और मऊ जिलों में भी तनाव बढ़ गया है, ऐसे में पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि बरेली और वाराणसी में माहौल बिगाड़ने के आरोप में आठ-आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को दावा किया कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।

पुलिस के अनुसार बरेली में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक पुलिस ने घर-घर दबिश दी। करीब 36 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को माहौल ख़राब करने के आरोप में गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है।

नेपाल के पूर्व पीएम केपी ओली बोले- देश को संवैधानिक, लोकतांत्रिक बनाना है, हम देश में कानून का राज लाएंगे

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा, "प्रचार की सरकार क्या सोचती है? कि हम यह देश सौंपकर विदेश भाग जाएंगे? हमें इस देश को बनाना है। हमें इस देश को संवैधानिक, लोकतांत्रिक बनाना है और राजनीति को पटरी पर लाना है। हम देश में कानून का राज लाएंगे।"

नेपाल के पूर्व पीएम केपी ओली ने अंतरिम सरकार पर उठाया सवाल, कहा- यह तोड़फोड़ और आगजनी के ज़रिये बनी है

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने आज काठमांडू में कहा कि वर्तमान सरकार को 'जेन-जेड सरकार' कहा जा रहा है, जो न तो संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार बनी है और न ही लोगों के वोट से। यह तोड़फोड़ और आगजनी के ज़रिये बनी है।

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली बोले- जो लोग घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं, वे मुझे दोषी ठहराएंगे

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा, "मेरा नाम लेकर एक और अफवाह फैलाई गई है। लोगों को यह कहने के लिए उकसाया जा रहा है कि मुझे बंदूक दो, मैं उसे मार दूँगा। मुझे तलवार दो, मैं उसका कत्ल कर दूँगा। मुझे ड्रोन दो, मैं उस पर हमला कर दूंगा। ये बातें पूरे जोश से प्रसारित की जा रही हैं। लेकिन मेरी क्या भूमिका थी? गोलीबारी की खबर सुनकर, मैंने स्थिति के बारे में पूछताछ की। मुझे बताया गया कि केवल रबर की गोलियां चलाई गई थीं। बाद में मुझे पता चला कि 14 लोग मारे गए थे। मैं पूछ रहा था कि उन्हें सिर पर गोली कैसे लगी? हम इसे कैसे रोक सकते हैं? देश में रक्तपात और प्रतिकूल स्थिति को रोकने के उपायों के बारे में मेरे मन में गहन विचार थे। जो लोग घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार हैं, वे इसके लिए केपी ओली को दोषी ठहराएंगे।

पूर्वोत्तर महोत्सव के आयोजक और जुबिन गर्ग के प्रबंधक के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में पूर्वोत्तर महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत और गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी किए गए हैं। शर्मा ने ‘फेसबुक लाइव’ में कहा कि दोनों को छह अक्टूबर को गुवाहाटी आकर अपना बयान देना होगा, अन्यथा पुलिस उनके लिए तलाशी अभियान तेज कर देगी।

इंजीनियर रशीद गांधी जयंती से पहले तिहाड़ जेल में दो दिन भूख हड़ताल करेंगे

जम्मू कश्मीर के बारामूला से लोकसभा सदस्य शेख अब्दुल रशीद ने शनिवार को कहा कि वह अहिंसा के सिद्धांत के महत्व को उजागर करने के लिए गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर तिहाड़ जेल में दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठेंगे। लोकसभा सांसद शेख अब्दुल रशीद को इंजीनियर रशीद के नाम से भी जाना जाता है।

'बापू' को संबोधित और लोकसभा अध्यक्ष को भेजे गए एक हस्तलिखित पत्र में सांसद ने कहा कि पूरी दुनिया को शांति की सख्त जरूरत है। सांसद शेख अब्दुल रशीद वर्तमान में आतंकवाद के वित्तपोषण के मामले में नयी दिल्ली में स्थित तिहाड़ जेल में बंद हैं। सांसद ने जोर देकर कहा कि गांधी का अहिंसा का दर्शन आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है।

दिल्ली BMW हादसा केसः कोर्ट ने आरोपी गगनप्रीत कौर को जमानत दी, पासपोर्ट जमा करने का दिया निर्देश

दिल्ली के धौला कुआं बीएमडब्ल्यू दुर्घटना मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपी गगनप्रीत कौर को ज़मानत दे दी है। उन्हें एक लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के दो मुचलकों पर ज़मानत दी गई है। अदालत ने गगनप्रीत कौर को अपना पासपोर्ट जमा करने का भी निर्देश दिया है।

मुक्केबाज मैरी कॉम के दिल्ली स्थित घर में चोरी, वह मैराथन के लिए मेघालय में थीं

छह बार की विश्व मुक्केबाज चैंपियन मैरी कॉम के दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को चोरी हो गयी। चोरी के समय मैरी कॉम मेघालय के सोहरा में मैराथन कार्यक्रम में भाग लेने गई थीं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। मैरी कॉम ने मैराथन आयोजकों को बताया कि जब वह इस आयोजन के लिए पूर्वोत्तर राज्य में थीं, तब उन्हें राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने घर में चोरी की खबर मिली। उन्होंने बताया कि चोरी की गई वस्तुओं का विवरण अभी पता नहीं चल पाया है।मैरी कॉम मणिपुर की रहने वाली हैं और उनका नाम भारत की सम्मानित एथलीटों में शामिल हैं।

नीतीश कुमार अब बिहार चलाने लायक नहीं रहे, वह बूढ़े हो गए हैं,  हमें एक नया बिहार बनाना है- तेजस्वी यादव

'कर्पूरी अति पिछड़ा अधिकार संवाद' को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, "नीतीश कुमार अब बिहार चलाने लायक नहीं रहे। वह बूढ़े हो गए हैं। बिहार को तेज गति से विकास करने की जरूरत है... हमें एक नया बिहार बनाना है। एनडीए के लोगों ने अति पिछड़ा समाज को सिर्फ ठगा है। उन्होंने इसे सिर्फ वोट बैंक समझा है... जब हमारी सरकार बनेगी तो अति पिछड़ा सिर्फ वोट बैंक नहीं रहेगा बल्कि पावर बैंक बनेगा।

बरेली पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

बरेली पुलिस ने आला हज़रत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खान के घर के बाहर 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर लेकर जमा हुए लोगों के एक समूह के विरोध प्रदर्शन के बाद फ्लैग मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार की नमाज़ के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव किया था।

कल के भारत-पाकिस्तान मैच पर हमारा रुख यह है कि अगर आपको भी लगता है कि कुछ अनुचित हो रहा है, तो आप मैच का बहिष्कार कर सकते हैं - उद्धव ठाकरे

रविवार को खेले जाने वाले भारत-पाकिस्तान एशिया कप फाइनल पर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे का कहना है, "क्रिकेट की भावना और खेल के प्रति सम्मान सभी के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन हाल की घटनाएं चिंता का विषय हैं... अनजाने में हमारे देश में आतंकवाद फैलाने के आरोपी देशों के प्रतिनिधियों के साथ खेल को देशभक्ति से जोड़ना अनुचित लगता है। कल के भारत-पाकिस्तान मैच पर हमारा रुख यह है कि अगर आपको भी लगता है कि कुछ अनुचित हो रहा है, तो आप मैच का बहिष्कार कर सकते हैं और उन प्रायोजकों से अपेक्षा कर सकते हैं कि वे अपने राष्ट्रीय हितों और मूल्यों का सम्मान करें। हमारा संदेश स्पष्ट है, एक खेल का सम्मान तभी होता है जब न्याय, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र के सम्मान का भी सम्मान किया जाता है।

बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार (26 सितंबर) को शहर में हुए बवाल के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बरेली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जुमे की नमाज के बाद पुलिस फोर्स के साथ धक्का मुक्की करने की कोशिश की गई. इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं और मौलाना तौकीर रजा सहित 8 लोग गिरफ्तार हुए हैं

लद्दाख के डीजीपी डॉ. एसडी सिंह जामवाल ने कहा,  यह सिर्फ एक बार की घटना है, मुझे लगता है कि लद्दाख फिर से पुनर्जीवित होगा और वहां लोगों के लिए वही संस्कृति और आतिथ्य होगा

लेह में 24 सितंबर की हिंसा के मद्देनजर कर्फ्यू पर लद्दाख के डीजीपी डॉ. एसडी सिंह जामवाल ने कहा, "हमने पहले ही दो चरणों में कर्फ्यू में ढील देने की योजना बनाई है। स्थिति के आधार पर, हम ढील बढ़ाते रहेंगे

केरल: वंदूर के कूरियाड में एक कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

दिल्ली पुलिस ने अमृतसर हवाई अड्डे से गैंगस्टर रूबल सरदार को गिरफ्तार किया

महाराष्ट्र: मुंबई के कुछ हिस्सों में आज सुबह बारिश हुई

गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई, 5 युवकों की दर्दनाक मौत

गुरुग्राम में आज सुबह करीब 4:30 बजे एक खौफनाक मंजर देखा गया. यहां एक तेज रफ्तार थार गाड़ी अचानक डिवाइडर से जा टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई है

लद्दाख: 24 सितंबर को हुई हिंसा के बाद लेह में बीएनएसएस, 2023 की धारा 163 लागू

दिल्ली से सटे हरियाणा में भूकंप के तेज झटके, सहमे लोग घर से निकले, जानें कितनी थी तीव्रता

दिल्ली से सटे हरियाणा में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं, इसकी तीव्रता 3.4 दर्ज की गई। भूकंप देर रात आया था और लोग काफी डर गए थे। राहत की बात यह है कि इस भूकंप की वजह से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजकर 47 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र हरियाणा का सोनीपत रहा। 

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 27 Sep 2025, 7:54 AM IST