
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के नए मामलों में हल्की कमी देखी गई है, लेकिन मौत के आंकड़े डराने वाले हैं। प्रदेश में इस दौरान 352 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 25,858 नए मामले सामने आए हैं।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्डा ने दावा किया है कि कल 3 मई को में दिल्ली में 976 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की ज़रूरत थी, लेकिन 433 मीट्रिक टन ऑक्सीजन ही मिल पाई। अभी कुल मांग की 44% ऑक्सीजन ही दिल्ली को मिल रही है। 56% का गैप अभी भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि बहुत जल्द यह गैप कम होगा।
चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदोरिया ने बताया कि आज रात लगभग 8 बजे तपोवन क्षेत्र में ऋषिगंगा नदी में जल स्तर अचानक बढ़ गया, जिसके कारण अधिकारियों ने वहां चल रहे एनटीपीसी परियोजना के संचालन को रोक दिया और आसपास रहने वाले ग्रामीणों को पानी से बाहर रहने के लिए आगाह किया गया है।
बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोरोना मरीजों के लिए बीबीएमपी पोर्टल पर बिस्तरों के आवंटन में कथित धोखाधड़ी के लिए जयनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और अन्य से मरीजों से पैसे के बदले में बिस्तर आवंटन में कथित धोखाधड़ी के लिए पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम के एसपी एनएन त्रिपाठी ने कहा कि कल से सोशल मीडिया पर नानूर में 2 महिलाओं के बलात्कार और कुछ अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की खबरें चल रही हैं। हमने जानकारी को सत्यापित किया और स्थानीय बीजेपी नेताओं से भी बात की, वे ऐसी किसी भी घटना से अनभिज्ञ हैं। मैं सभी को सूचित करता हूं कि यह फर्जी खबर है।
उत्तराखंड के चमोली जिले में बिनसर पहाड़ी पर बादल फटने की खबर है। इससे इलाके के कई मकान और दुकानें मलबे में दब गए हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने आज बताया कि हमें 300 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है और हमें 252 मीट्रिक टन ऑक्सीजन आवंटित हुआ है। ओडिशा से हमें जो ऑक्सीजन आवंटित हुआ है, हम वो पूरा नहीं उठा पा रहे हैं क्योंकि टैंकर की कमी है। आज की बैठक में जल्दी से जल्दी टैंकर आयात करने का फैसला किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि हम गांव में छोटी-छोटी समितियां बना रहे हैं जो खुद तय करेगी कोरोना कर्फ्यू और कोरोना से बचने के उपाय के बारे में। हमने अब कोरोना संक्रमण पर लगभग नियंत्रण पा लिया है। कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
भारत सरकार ने कहा है कि एक मीडिया रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कोरोना सहायता की पहली खेप 25 अप्रैल, 2021 को भारत पहुंची, जबकि केंद्र ने इन जीवन रक्षक चिकित्सा आपूर्ति को वितरित करने के लिए एसओपी बनाने में 7 दिन का समय लिया। खबर पूरी तरह से भ्रामक है।
कर्नाटक के नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया और राज्य कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने आज चामराजनगर जिला अस्पताल का दौरा किया, जहां कल ऑक्सीजन की कमी के कारण 24 मरीजों की मौत हो गई थी।
संचार मंत्रालय ने बताया है कि टेलिकॉम डिपार्टमेंट ने 5 जी टेक्नोलॉजी और स्पेक्ट्रम ट्रायल को अनुमति दे दी है। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स पूरे भारत में अलग-अलग जगहों पर 5G ट्रायल शुरू करेंगे। 5 जी ट्रायल ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना संकट की इस घड़ी में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के लिए 13,450 करोड़ रुपये की मंजूरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये जरूरी है या सभी भारतीयों का टीकाकरण, या एक करोड़ ऑक्सीजन सिलेंडर या 2 करोड़ लोगों को न्याय के तहत 600 रुपये की मदद जरूरी है। साफ है कि लोगों के जीवन से बड़ी पीएम का अहंकार है।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, “कोरोना के हालात चिंता बढ़ाने वाले हैं। जो कोरोना कर्फ्यू चल रहा है उसे और भी ज्यादा सख्त करने की ज़रूरत है। लोग लापरवाह हो गए थे इसलिए कोरोना संक्रमण इतना ज्यादा फैल गया। लोग स्वयं अपने बचाव का रास्ता ढूंढे।”
पंजाब के अमृतसर में पुलिस सड़कों पर कोविड निर्देशों का उल्लंघन कर रहे लोगों का कोरोना टेस्ट करा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम नाकाबंदी करके कोरोना टेस्ट करा रहे हैं। बिना वजह जो लोग बाहर घूम रहे हैं अगर उनके पास RT-PCR रिपोर्ट नहीं है तो हम उनका टेस्ट करा रहे हैं।"
ऑक्सीजन एक्सप्रेस 10 ऑक्सीजन टैंकर के साथ झारखंड के जमशेदपुर से लखनऊ पहुंची। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया, "हमारे पास 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन आई है, हम ऑक्सीजन कानपुर और लखनऊ भेज रहे हैं। 6 कंटेनर लखनऊ और 4 कंटेनर कानपुर के लिए हैं।"
यूपी अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा, “प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार घटने की तरफ है। ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की तरफ है। 30 अप्रैल को प्रदेश में 34,626 मामले आए थे और 32,494 लोग संक्रमण से मुक्त हुए थे। वहीं कल 25,858 नए मामले आए हैं, 38,683 लोग संक्रमण से ठीक हुए।”
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा, “आज बिहार में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी संबंधित लोगों से चर्चा करके यह निर्णय लिया है। यह राज्य के लिए जरूरी था। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि लॉकडाउन के नियमों का पालन करें।”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा को लेकर आज मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और कोलकाता के सीपी की बैठक बुलाई है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने एक बार फिर ऑक्सीजन की किल्लत को लेकर मोदी सरकार को फटकार लगाई है। हाईकोर्ट ने केंद्र से कहा है कि आप आंखें मूंद सकते हैं, लेकिन हम नहीं। हाईकोर्ट में अमिकस क्यूरी ने जानकारी दी है कि दिल्ली में कई लोग ऑक्सीजन की कमी की वजह से मर रहे हैं।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकार से कहा है कि अगर महाराष्ट्र में इस समय ऑक्सीजन की खपत कम है, तो वहां के कुछ टैंकर दिल्ली भेजे जा सकते हैं। वहीं, सरकार ने कोर्ट को बताया कि हम आज कोर्ट के सामने अपनी अनुपालन रिपोर्ट दाखिल कर रहे हैं, हम इस तथ्य पर नहीं जाएंगे कि 700 MT की आपूर्ति करनी है या गैस के बाकी कोटे को पूरा करना है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “यहां एक 500 बेड का अस्पताल तैयार हो रहा है। इसमें ICU और मेडिकल की तमाम आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। एक हफ्ते के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा। ऑक्सीजन की काफी कमी है। हम करीब 8,000 बेड बढ़ा सकते हैं लेकिन ऑक्सीजन की कमी से नहीं बढ़ा पा रहे हैं।”
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, “सोशल मीडिया पर वीडियो आ रहे हैं जिसमें पश्चिम बंगाल में महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। हमने कल स्वत: संज्ञान लिया, जिसमें मैंने DGP को एक पत्र लिखा और आज उनसे बात की। इसके लिए मैं एक टीम भेज रही हूं। हम पीड़ितों से मिलने की कोशिश करेंगे।”
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच आईपीएल को सस्पेंड करने का फैसला किया गया है। पिछले कुछ दिनों से आईपीएल की कई टीमों में कोरोना के केस सामने आए थे, जिसके बाद BCCI ने ये फैसला लिया है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने राजधानी में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के कारण उत्पन्न विभिन्न मुद्दों से संबंधित याचिका पर सुनवाई शुरू की कर दी है।
दिल्ली के बिंदापुर के राजकीय सह शिक्षा माध्यमिक विद्यालय पर 18 से 44 साल के लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा रही है।
सीएम केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली में राशन कार्ड धारकों को अगले दो महीने मुफ़्त में राशन दिया जाएगा, दिल्ली में लगभग 72 लाख राशन कार्ड धारक हैं। इसका मतलब ये नहीं है कि लॉकडाउन दो महीने चलेगा।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सभी ऑटो और टैक्सी चालकों को 5,000 रुपये देकर उनकी मदद करेगी ताकि इस आर्थिक तंगी के दौर में उनको थोड़ी मदद मिल सके।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, “कल सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद बिहार में फिलहाल 15 मई, 2021 तक लॉकडाउन लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके विस्तृत मार्गनिर्देशिका एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में आज ही आपदा प्रबंधन समूह को कार्रवाई करने हेतू निदेश दिया गया है।”
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंडस्ट्री रेगुलेशन एक्ट, 2017 को असंवैधानिक करार दिया, जिसे केंद्रीय कानून, रेरा के स्थान पर रियल एस्टेट सेक्टर को विनियमित करने के लिए पारित किया गया था।
देश में बढ़ते कोरोना के कहर के बीच राहुल गांधी ने कहा कि मैं सिर्फ यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि केंद्र सरकार की रणनीति के पूर्ण अभाव के कारण लॉकडाउन ही अब एकमात्र विकल्प है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “जब देश के लोग ऑक्सीजन, वैक्सीन, हॉस्पिटल बेड, दवाओं की कमी से जूझ रहे हैं, तब सरकार 13000 करोड़ से पीएम का नया घर बनवाने की बजाए सारे संसाधन लोगों की जान बचाने के काम में डाले तो बेहतर होगा। इस तरह के खर्चों से पब्लिक को मैसेज जाता है कि सरकार की प्राथमिकताएं किसी और दिशा में हैं।”
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा, “पंजाब में हर दिन पॉजिटिविटी और मौतें बढ़ रही हैं। पहले बहुत हल्के लक्षण होते थे लेकिन अब जो लोग आ रहे हैं वे लेबलृ-2 पर ही आ रहे हैं। दिल्ली और आसपास के राज्यों के लोग यहां आ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में भी मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं।”
उन्होंने कहा, “वैक्सीन और रेमडेसिविर भी पूरी नहीं मिल रही है। ऑक्सीजन की कमी हो रही है। अगर ऐसे ही आंकड़े बढ़ते रहे तो पूरे देश में हाहाकार मच जाएगा। फ्रंटलाइन वर्कर्स को छोड़कर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन नहीं हो रहा है। जब वैक्सीन आएगी तभी दे पाएंगे।”
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति पर टीम-9 के साथ समीक्षा बैठक की।
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-6 के राजकीय सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पर लोग कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के लिए लाइन में खड़े हैं। यहां 18-44 साल के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
उत्तराखंड के चार धाम के कपाट खुलने के साथ मंदिरों में कोरोना को लेकर जारी SOP के मुताबिक, बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में केवल रावल, पुजारीगण और मंदिरों से जुड़े स्थानीय हक हकूक धारी, पंडा पुरोहित, कर्मचारी व अधिकारी ही जाएंगे। सभी की कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट जरूरी है।
देशभर में कोरोना वायरस से मचे कोहराम के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में लॉकडाउन लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब कोरोना को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन ही एक रास्ता बचा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही ‘न्याय’ योजना भी लागू होनी चाहिए। इससे पहले इस योजना के तहत देश के गरीबों को राहुल गांधी ने न्यूनतम पैसे देने की मांग की थी।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद सिटी एसपी ने कहा, “आज शाम थाना कटघर क्षेत्र में लॉकडाउन अनुपालन के दौरान एक व्यक्ति को रोका गया था। उसने पुलिस के साथ बदतमीजी और मारपीट की और मौके से फरार हो गया। मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3,57,229 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,02,82,833 हो गई। 3,449 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,22,408 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 2,22,408 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,66,13,292 है।
120 मीट्रिक टन तरल मेडिकल ऑक्सीजन के साथ छह टैंकरों को लेकर आक्सीजन एक्सप्रेस दिल्ली के आईसीडी ओखला पहुंच गई है।
हरियाणा के अंबाला पुलिस ने सुबह लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक करवाया। पुलिस ने बताया, ''ये लोग मानते नहीं हैं। हम सुबह से घूम रहे हैं। इनको लॉकडाउन के लिए समझाया जा रहा है। आज इनको चेतावनी दे दी गई है। अगली बार इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।''
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कोरोना कर्फ्यू जारी है। आवश्यक सेवाओं को छूट है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश में लगाए गए आंशिक 'कोरोना कर्फ्यू' को 6 मई सुबह 7 बजे तक के लिए बढ़ाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जगमोहन का निधन राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 198 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 6,556 है जिसमें 1,427 सक्रिय मामले, 5,112 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 17 मौतें शामिल हैं।
देशभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत ऐसा दूसरा देश है, जहां 2 करोड़ से ज्यादा संक्रमितों की संख्या पहुंच गई है। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि महज 137 दिन में मामले एक करोड़ से 2 करोड़ के पार पहुंच गए हैं। जो संक्रमण के कुल मामलों का 17.13 प्रतिशत है। देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 2 लाख 22 हजार 666 हो गई है। सबसे ज्यादा मौतों वाले देशों में भारत मैक्सिको को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर आ गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 04 May 2021, 8:11 AM IST