
जम्मू और कश्मीर पर भारत के फैसले से बौखलाए पाकिस्तान की ओर से रजौरी में भारतीय सीमा पर मोर्टार दागे जाने की खबर है। इससे पहले आज शाम पाकिस्तान सरकार ने भारत के साथ सभी व्यापारिक और राजनयिक रिश्ते खत्म करते हुए अपने तीन एयरस्पेस भी बंद करने का ऐलान किया था। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान की इस हरकत का मुस्तैदी से जवाब दिया जा रहा है।
जम्मू और कश्मीर पर भारत के फैसले से बौखलाए पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से बंद करते हुए अपने तीन एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। इससे पहले आज शाम ही पाकिस्तान ने भारत के साथ व्यापारिक रिश्ते खत्म करते हुए राजनयिक संबंध कम करने का ऐलान किया था। इसके फौरन बाद ही पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को देश छोड़ने का आदेश देते हुए अपने उच्चायुक्त को भारत जाने से रोक दिया था।
भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को खत्म करने के पाकिस्तान के फैसले को पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने अदूरदर्शी बताते हुए कहा कि इससे उन्हीं को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान को ये कदम उठाना ही है तो ये उनकी मर्जी है।
राहुल गांधी ने पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी नेता सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके पति कौशल स्वराज को एक पत्र लिखा। पत्र में राहुल गांधी ने स्वराज को असाधारण नेता और कुशल वक्ता बताते हुए कहा कि विदेश मंत्री रहते हुए अपने काम से उन्होंने दुनिया भर में लोगों के दिलों में अपने लिए खास जगह बनाई। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस दौरान उनकी बीमारियों ने भी लोगों की परेशानियों को हल करने के प्रति उनके लगन को खत्म नहीं कर सकीं।
राहुल गांधी ने पत्र में कहा, “दुख की इस घड़ी में आप और आपकी बेटी बांसुरी का ध्यान आता है और आप दोनों के लिए प्रार्थना करता हूं। सुषमा जी की विरासत हमेशा जिंदा रहेगी और लाखों भारतीयों के दिलों को छूती रहेगी। मैं इस दुख की घड़ी में आपकी शांति की प्रार्थना करता हूं।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद जम्मू और कश्मीर पर मोदी सरकार के फैसले के बाद बदले हालात के बीच कल कश्मीर जाएंगे। वह श्रीनगर पहुंचकर कांग्रेस दफ्तर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे और राज्य के हालात पर चर्चा करेंगे।
जम्मू-कश्मीर पर भारत के फैसले के बाद सकते में आए पाकिस्तान ने भारती उच्चायुक्त को देश छोड़ने के लिए कहा है। इससे पहले पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में भारत से राजनयिक संबंध कम करने और व्यापारिक रिश्ते स्थगित करने का फैसला लिया गया था।
पीएम इमरान खान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा का भी फैसला लिया गया।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद कल श्रीनगर जाएंगे और कांग्रेस प्रदेश कमेटी ऑफिस में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
जम्मू-कश्मीर पर भारत के फैसले के बाद सकते में आए पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने और दोनों देशों के बीच व्यापार को स्थगित करने का फैसला लिया है। ये फैसला पीएम इमरान खान की अध्यक्षता में पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में भारत के साथ दिवपक्षीय संबंधों की समीक्षा का भी फैसला लिया गया।
ओडिशा में लगातार हो रही बारिश और नदियों में आयी बाढ़ के कारण केवल सड़क मार्ग ही नहीं बल्कि रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने जानकारी दी है कि रायगडा-टिटलागढ़ रेलवे सेक्शन में दोइकलू और अंबोडाला स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर कीचड़ और रोड़े होने के 7 ट्रेनों को आज रद्द किया गया है, जबकि 13 डायवर्ट, 12 ट्रेनों आंशिक रूप से रद्द किया गया। गुरुवार के लिए 3 ट्रेनें रद्द है।
उन्नाव रेप कांड की पीड़िता और वकील को लेकर दिल्ली एम्स ने मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। एम्स ने कहा कि पीड़िता की हालात गंभीर बनी हुई है और उन्नत लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर है। वहीं वकील के हालात भी गंभीर बनी हुई है।
भारी बारिश से पुणे और नासिक के बाद अब कोल्हापुर और सांगली में हालात बिगड़ गए हैं। दोनों शहरों में राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ के साथ नेवी और वायुसेना को बुलाना पड़ा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि गोवा के एनडीआरएफ की सभी 4 टीमें तैनात हो गई हैं और बचाव अभियान चला रही हैं। 14 नेवी टीमें भी पहुंची हैं। पुणे और मुंबई की टीमें कोल्हापुर में उतरी हैं। 5 टीमें तैनात करने की तैयारी कर रही हैं। महाराष्ट्र सरकार 10 और टीमों के लिए केंद्र सरकार से मांग की है।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें आइजीएमसी में भर्ती किया गया है।
बीएसपी ने बुधवार को संगठन में भारी फेरबदल करते हुये पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है और वहीं लोकसभा में पार्टी के नेता अब श्याम सिंह यादव होंगे, इस जिम्मेदारी को अबतक दानिश अली निभा रहे थे।
इंदु कंवल चिब ने बताया कि सभी स्कूल और कॉलेज गुरुवार (8 अगस्त) को भी बंद रहेंगे, जबकि सभी सरकारी कार्यालय और बैंक की सेवाएं गुरुवार से फिर से शुरू हो जाएगी। धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंध (4 से अधिक लोगों का जमावड़ा) अगले आदेश तक जारी रखेंगे।
जम्मू और कश्मीर के शोपियां में एनएसए अजीत डोभाल सुरक्षाकर्मियों से भी मुलाकात की है। इस दौरान डीजीपी दिलबाग सिंह भी मौजूद रहे।
इसरे अलावा अजीत डोभाल ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मुलाकात की।
जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत मिले विशेषाधिकारों को हटाने के बाद सरकार घाटी में सुरक्षा पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी इस वक्त श्रीनगर में हैं और करीबी से हालात पर नजर बनाए हुए है। इस दौरान एक तस्वीर सामने आई है, जहां शोपियां में स्थानीय लोगों के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही उनके साथ दोपहर का भोजन किया।
पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि मैं विदेश मंत्री से अनुरोध करता हूं, जब भारत को हमसे बात करने में कोई दिलचस्पी नहीं है, तो उनके दूत अभी भी यहां क्यों हैं? हमें उनके साथ राजनयिक संबंधों में कटौती करनी चाहिए। उनके दूत के यहां होने और हमारे दूत के वहां होने का क्या फायदा है?
दिल्ली के लोधी रोड के शवदाह गृह में सुषमा स्वराज का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अंतिम संस्कार में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता शामिल हुए।
दिल्ली के लोधी रोड के शवदाह गृह में सुषमा स्वराज के अंतिम संस्कार में पीएम नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद है।
सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया को पूरी कर रही हैं। उनके साथ सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल मौजूद हैं।
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर लोधी रोड के शवदाह गृह पहुंच गया है। थोड़ी देर में अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता मौजूद हैं।
दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय से सुषमा स्वराज की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुषमा स्वराज की अर्थी को कांधा दिया। लोधी रोड के शवदाह गृह में राजकीय सम्मान के साथ सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुषमा स्वराज को आखिरी विदाई देते हुए उनके पति स्वराज कौशल और बेटी बांसुरी ने सैल्यूट किया।
मसाले बनाने वाली कंपनी एमडीएच के मालिक धर्मपाल गुलाटी सुषमा स्वाराज को श्रद्धांजलि देते समय भावुक हुए।
अयोध्या जमीन मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस गोगोई ने निर्मोही अखाड़ा के वकील सुशील कुमार जैन से पूछा कि अगले दो घंटों में क्या आप रामजन्मभूमि से जुड़े मालिकाना हक के मौखिक और दस्तावेजी सबूत देखना चाहेंगे। जस्टिस धनंजय चंद्रचूड़ ने कहा कि हमें मूल दस्तावेज दिखाएं। इस पर वकील जैन ने उत्तर दिया कि दस्तावेज इलाहाबाद हाई कोर्ट में हैं।
टेरर फंडिंग मामले में पाकिस्तान की गुंजरेवाला कोर्ट ने हाफिज सईद को दोषी करार दिया है। इसके साथ केस को पाकिस्तान के गुजरात में ट्रांसफर कर दिया गया है। हाफिज सईद मुंबई हमलों का मुख्य आरोपी है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला प्रशासन के रेस्क्यू टीम ने दो लोगों को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इन लोगों की गाड़ी आज सुबह पतलीकुहाल के पास बाढ़ के पानी में बह गई थी।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सुषमा स्वराज के पति को एक शोक पत्र लिखा है। सोनिया गांधी ने सुषमा स्वराज के असामयिक निधन पर उनके पति कौशल स्वराज को पत्र लिखकर संवेदना व्यक्त की है।
वरिष्ठ वकील हरिश साल्वे ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए सुषमा जी एक बड़ी बहन थीं। उनके निधन की खबर सुनकर मैं स्तब्ध रह गया। रात के पौने नौ बजे मेरी उनसे बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि आपको आना पड़ेगा और जाधव केस के लिए अपनी एक रुपये की फीस लेनी होगी। इसके 10 मिनट बाद ही उन्हें दिल का दौरा पड़ गया।”
अयोध्या जमीन मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने निर्मोही अखाड़े से जमीन पर कब्जे के संबंध में कागजी सबूत मांगे। कोर्ट ने अखाड़े से पूछा कि क्या आपके पास अटैचमेंट से पहले रामजन्मभूमि पर मालिकाना हक को लेकर कोई मौखिक या कागजी सबूत या रेवेन्यू रिकॉर्ड है। इस पर अखाड़े ने जवाब दिया कि 1982 में हुई डकैती में सारे रिकार्ड गायब हो गए थे।
देश की पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन पर महिला प्रेस क्लब ने शोक व्यक्त किया।
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में रखा गया है। पार्टी मुख्यालय पहुंचकर गृहमंत्री अमित शाह ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है।
दिल्ली में सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर को उनके घर से बीजेपी मुख्यालय ले जाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद लोधी रोड के शवदाह गृह में राजकीय सम्मान के साथ दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इंदौर में पाकिस्तान से वापस लाई गईं भारतीय लड़की गीता ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है। 2015 में जब सुषमा स्वराज विदेश मंत्री थीं, तभी गीता को भारत लाया गया था। सुषमा स्वराज ने गीता की काफी मदद की थी।
बॉलीवुड के मशहूर प्रोड्यूसर, निर्देशक और ऋतिक रोशन के नाना जे ओमप्रकाश का मुंबई में निधन हो गया। जे ओम प्रकाश ने बॉलीवुड में कई बड़ी हिट फिल्में दी हैं।
आरबीआई ने 35 बेसिस प्वॉइंट की कटौती कर रेपो रेट को 5.40 फीसदी कर दिया है। इसी के साथ रिवर्स रेपो रेट 5.15 फीसदी हो गया है। ऐसे में होम लोन की दरों में कटौती हो सकती है।
पंजाब के लुधियाना के सुंदर नगर में कपड़े की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। दमकल की करीब 50 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा, “इस सत्र में 35 विधेयक पेश किए गए, जिनमें 32 विधेयक पारित किए गए। यह सत्र पिछले 17 सालों में सबसे अच्छा चला।”
सुषमा स्वराज के निधन पर सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने कहा, “विश्वास नहीं कर पा रही हूं कि वह हमें इतनी जल्दी छोड़कर चली जाएंगी। यह पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने हमेशा लोगों की मदद की। चाहे वह हामिद अंसारी, सरबजीत, गीता या जाधव हों, उन्होंने सभी की मदद की। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “सुषमा स्वराज जी भारतीय संस्कृति की राजदूत थीं। वे एक सक्षम प्रशासक और एक संवेदनशील नेता थीं। आज पूरा देश उनके जैसे नेता को खोने से दुखी है। उन्होंने सभी की समस्याओं को समझा और उनकी मदद की। हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं।”
सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ाने से जुड़े बिल को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राज्यसभा में पेश किया।
ओडिशा में भारी बारिश के बाद मलकानगिरी-जेयपोर के बीच पोटेरू नदी पर बना पुल डूब गया है।
बीजेपी की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री के सम्मान में हरियाणा सरकार ने 2 दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की।
दिल्ली में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुषमा स्वराज को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ कांग्रेस कई नेता मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा के कलाकार मोहम्मद जुहैब ने पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी नेता सुषमा स्वाज को चारकोल चित्र बनाकर श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत कई वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज को उनके घर पहुंचकर श्रद्धाजंलि दे चुके हैं। सुषमा स्वराज का निधन मंगलवार रात को हृदयाघात से हो गया था।
ओडिशा के रायगढ़ और टिटिलागढ़ के बीच अंबोडाला रेलवे स्टेशन के पास आज मालगाड़ी के 3 वैगन पटरी से उतर गए। बाढ़ जैसी स्थिति के कारण इलाके में रेलवे ट्रैक प्रभावित हुए हैं।
दिल्ली में सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने उनके घर बेटी के साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी पहुंचे हैं। इस दौरान आडवाणी की बेटी की आंखों से आंसू छलक पड़े।
दिल्ली में पीएम मोदी ने सुषमा स्वराज को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी है। श्रद्धांजलि दने के दौरान पीएम मोदी की आंखों से आंसू छलक पड़े। सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए कई दिग्गज नेता उनके घर पहुंच रहे हैं। कल रात दिल्ली एम्स में उनका निधन हो गया था।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के एक खंड को छोड़कर बाकी सभी खंड पूर्ण रूप से खत्म कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद की सिफारिश पर अधिसूचना पर दस्तखत कर दिए हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म हो गया है। राष्ट्रपति द्वारा अधिसूचना पर दस्तखत करने के बाद अब जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार के सारे कानून लागू हो गए हैं।
दिल्ली में सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर दिग्गज नेताओं का तांता लगा हुआ है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के बाद अब पीएम मोदी भी सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर जाएंगे।
सुषमा स्वराज के निधन पर दिल्ली सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में इस दो दिन तक कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा।
हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर मनाली-लेह मार्ग मरही के पास भूस्खलन की वजह से रास्ता बंद हो गया है। मलबे को हटाए जाने का काम जारी है।
दिल्ली में सुषमा स्वराज के घर दिग्गज नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने सुषमा स्वराज को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि।
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन से देश में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार आज लोधी रोड के शवदाह गृह में राजकीय सम्मान के साथ दोपहर 3 बजे किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले उनका पार्थिव शरीर दिल्ली के बेजीपी मुख्याल में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
दिल्ली एम्स में कल रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया था। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Aug 2019, 7:39 AM IST