
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान त्रिपुरा के एक बूथ पर मधुमक्खियों के हमले में कई मतदाता घोयल हो गए हैं। दरअसल खोवाई जिले के बाराबिल इलाके में शुक्रवार को वोट डालने के लिए कतार में खड़े मतदाताओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे लगभग 15 मतदाता घायल हो गए।
चुनाव अधिकारियों ने कहा कि मधुमक्खियों के हमले की जानकारी मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और प्रभावित मतदाताओं को खोवाई जिला अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद सभी घायलों को उनके घर वापस भेज दिया गया।
अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कर्मियों ने एक सरकारी भवन में स्थापित मतदान केंद्र के पास मधुमक्खी के छत्ते को भी नष्ट कर दिया। मतदान केंद्र पर मधुमक्खियों के हमले से मतदाताओं में घबराहट और बेचैनी फैल गई और वे कतार से भाग गए। इस हमले के कारण काफी देर तक बूथ पर मतदान प्रभावित रहा।
मधुमक्खियों के हमले के बाद बूथ पर तैनात मतदान अधिकारी भी डरे-सहमे दिखाई दिए। त्रिपुरा पूर्व संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत खोवाई विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र पर थोड़ी देर की रुकावट के बाद फिर से मतदान शुरू हुआ। यहां सुबह 7 बजे से मतदान चल रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए