
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले छतरपुर जिले में सलमान खान नामक व्यक्ति की मौत को लेकर कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम सिंह नातीराजा की शिकायत पर बीजेपी उम्मीदवार अरविंद पटेरिया सहित उनके साथियों पर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
राजनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम सिंह की ओर से खजुराहो थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि गुरुवार की रात उनके समर्थकों के वाहन का सामना बीजेपी उम्मीदवार पटेरिया के वाहनों के काफिले से हुआ। उनकी ओर से गालियां दी गई, समझाने की कोशिश की गई, मगर, वे नहीं माने और पटेरिया के साथियों ने वाहन चढ़ाकर मारने की कोशिश की।
मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर बुजुर्गों में गजब का उत्साह नजर आया। यही कारण है कि यह बुजुर्ग अपने नाते रिश्तेदारों के साथ मतदान केंद्र तक पहुंचे, जिन्हें चलने फिरने में दिक्कत है वे अन्य साधनों के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे। सोनकच्छ विधानसभा के भौंरासा की 96 वर्ष की सजनबाई ने मतदान केन्द्र में जाकर मतदान किया। उन्होंने मतदान केन्द्र पर बनाये गये सेल्फी पाईंट पर उत्साह से फोटो भी खिंचवाई।
इसी तरह देवास जिले के बुजुर्गों में भी मतदान के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला। नगर परिषद खातेगांव के पोलिंग बूथ 176 मंडी प्रांगण में जाकर 103 वर्षीय मांगीलाल बेनीवाल ने मतदान किया।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सभी 230 सीटों के लिए वोट डाले गए। प्रदेश में शाम पांच बजे तक 71.11% वोटिंग हुई। इससे पहले तीन बजे तक 60.52, एक बजे 45.40 और सुबह 11 बजे तक 28.18 फीसदी वोटिंग हुई थी।
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा के बीच 3 बजे तक 60 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका है।
छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम सिंह नाती राजा के समर्थक की मौत को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है तो वहीं मुरैना के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी हुई है। इसके अलावा कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट होने की खबरें आ रही है।
राज्य की 230 विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आने लगी, मतदान 7 बजे शुरू हुआ।
मध्य प्रदेश में दोपहर 1 बजे तक 45.40 फीसद मतदान हुआ है। मतदान के बीच मध्य प्रदेश में कई जगहों पर हिंसा की खबर है। बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के मतदान के दौरान दिमनी विधानसभा क्षेत्र में पथराव और झड़प की सूचना के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है। शैलेंद्र सिंह, एसपी, मुरैना ने बताया, "अभी पुष्टि नहीं हुई है कि क्या हुआ है। यहां दोनों तरफ के घरों के बीच किसी बात को लेकर कुछ विवाद है। अनावश्यक तरीके से माहौल खराब करने की कोशिश कुछ लोगों के द्वारा की जा रही है। हम जब यहां आए तब यहां कुछ लोग खड़े थे जो हमें देखकर भाग गए। यहां घरों की सर्च भी की जाएगी। हमारा प्रयास है कि शांतिपूर्ण मतदान चलता रहे।"
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की राजनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह पर देर रात हमला हुआ। इस दौरान उनके समर्थक सलमान खान की हत्या कर दी गई। कांग्रेस ने बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उनके समर्थकों पर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी इस घटना बताते हुए जोर जोर से रोने लगे।
मध्य प्रदेश के महू में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है। दोनों गुटों के बीच तलवारबाजी हुई है। चार लोगों के घायल होने की खबर है।
वोटिंग के दौरान हुई हिंसा की कुछ घटनाओं पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "कुछ शिकायतें हैं लेकिन मुझे उम्मीद है कि प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम करेगा।"
कांग्रेस सांसद नकुल नाथ, जो मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ के बेटे भी हैं, को कथित तौर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने छिंदवाड़ा के बरारीपुरा में एक मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया।
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा, "सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। कहीं मतदान बाधित नहीं है, सभी जगह मतदान चल रहा है। प्रदेश में अभी तक 11.95% मतदान हुआ है।"
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैं लोगों से अपील करूंगा की कमल का बटन दबाएं। कमल का बटन गरीबों के लिए आवास लेकर आता है, यह कमल का बटन निशुल्क गेहूं लेकर आता है, यह बटन वंदे भारत ट्रेन लेकर आता है। मध्य प्रदेश में हम 150 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “आज चुनाव है और मुझे पूरा यकीन है कि मध्य प्रदेश की जनता घोटालों, चिकनी-चुपड़ी-झूठी बातों, लोगों को आपस में ही लड़ा देने की साजिशों और कुर्सी को जागीर समझने वाली मानसिकता को करारा सबक सिखायेगी। जनता हमें असीम स्नेह और समर्थन दे रही है। उसे इस बात की तसल्ली है कि अठारह सालों का कुशासन समाप्त होने वाला है और मध्य प्रदेश में सच बोलने वाली, लोगों की बात सुनने वाली, प्यार और अमन-चैन के रास्ते पर चलने वाली कांग्रेस सरकार आने वाली है।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन आपके प्यार का अंदाज साधारण बहुमत से न लगेगा। हमारी सरकार को प्रचंड और संपूर्ण जनादेश चाहिये, जिसकी आहट स्वयं आपके प्रेम और उत्साह से ही मिल रही है। आज अपने मन के तूफान को वोटों में बदल दीजिये। हमें इतनी ज़्यादा सीटें जिताकर विधानसभा भेजिये कि कोई हमारी-आपकी सरकार चुरा लेने या अगवा कर लेने का सपना भी न देख सके। मुझे पता है : आपमें यह शक्ति है।
जनता की जय। कांग्रेस की जय।
जय देश। जय मध्य प्रदेश।”
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में अपना वोट डाल दिया है। वोट डालने से पहले प्रेस से बात करते हुए मध्य प्रदेश की जनता तय करेगी कि यह चौपट और भ्रष्ट सरकार, सरकार ने जिसने प्रदेश को बर्बाद किया उसका जयराम करे। बीजेपी ने कल पूरे दिन पैसा और शराब बांटी, उनके पास बस यही बचा है।
बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "मतदाता मतदान आवश्य करें। भाजपा ने जिस प्रकार प्रदेश की सेवा की है। हम सरकार बनाएंगे और हमने मध्य प्रदेश में जैसे पहले विकास किया वैसे हम विकास करेंगे। हम लगभग 150 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।"
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा, "सब सच्चाई का साथ देंगे। मैं शिवराज सिंह नहीं हूं जो कहूंगा कि इतनी सीटें आएंगी।जनता तय करेगी कि कितनी सीटें आएंगी। बीजेपी के पास पहले पुलिस, प्रशासन और पैसा था, अभी भी कुछ घंटों तक पुलिस, प्रशासन और पैसा है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मुझे विश्वास है कि राज्य के हर क्षेत्र के मतदाता पूरी गर्मजोशी से मतदान करेंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व की रौनक बढ़ाएंगे। इस चुनाव में पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।"
केंद्रीय मंत्री और नरसिंहपुर से बीजेपी उम्मीदवार प्रह्लाद पटेल ने कहा, ''मैं मध्य प्रदेश के सभी लोगों से 100% मतदान के लक्ष्य को छूने का आग्रह करता हूं। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वे विकास के लिए मिलकर वोट करें। हम आएंगे पूर्ण बहुमत के साथ पांचवीं बार सत्ता में आएंगे।''
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 7 बजे से वोटिंग होगी। मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। शिवराज सिंह चौहान, कमलनाथ, नरोत्तम मिश्रा और प्रहलाद पटेल समेत 2 हजार 533 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 17 Nov 2023, 6:54 AM IST